विज्ञापन

जन शताब्दी एक्सप्रेस से कल कोटा पहुंच रहे राहुल गांधी, बिना भाषण दिए छात्रों के बीच शुरू करेंगे सबसे बड़ा आंदोलन

कोटा में होने वाले इस कार्यक्रम का न्योता राहुल गांधी को पुष्कर में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान दिया गया था, जिसकी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और कांग्रेस की एक टीम पहले ही वेन्यू का जायजा ले चुकी है.

जन शताब्दी एक्सप्रेस से कल कोटा पहुंच रहे राहुल गांधी, बिना भाषण दिए छात्रों के बीच शुरू करेंगे सबसे बड़ा आंदोलन
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 17 जून को हजरत निजामुद्दीन से जन शताब्दी एक्सप्रेस द्वारा कोटा पहुंचेंगे.
IANS

Rajasthan News: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) एसआईआर के बाद अब छात्रों के मुद्दे पर बड़ा आंदोलन खड़े करने की कोशिश में जुट गए हैं. वो यूपी, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों में बड़ी सभाएं कर पेपर लीक, बेरोजगारी, एडमिशन जैसी समस्याओं पर छात्रों के बीच जाएंगे. इसकी शुरुआत राहुल गांधी 17 जून को देश में कोचिंग के सबसे बड़े हब कोटा (Kota) से कर रहे हैं. वो आम आदमी की तरह दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन (Hazrat Nizamuddin Railway Station) से जन शताब्दी एक्सप्रेस (Jan Shatabdi Express) में बैठकर राजस्थान के कोटा शहर पहुंचेंगे और छात्रों से रूबरू होंगे.

कोई राजनीतिक भाषण नहीं, सीधे छात्रों से होगी बात

कांग्रेस ने इस अभियान को 'छात्रों की गूंज' नाम दिया है. इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें कोई भी नेता मंच से भाषण नहीं देगा. राहुल गांधी खुद शाम 5:00 बजे से रात 9:30 बजे तक (करीब साढ़े चार घंटे) पूरी तरह से छात्रों के बीच मौजूद रहेंगे. वह एक-एक करके नीट (NEET) और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों से बात करेंगे. उनका मकसद छात्रों की परेशानियां सुनना, उनके अनुभव जानना और उनसे सीधे सुझाव लेना है.

छात्रों को रोकने की कोशिश का आरोप

लेकिन राहुल गांधी के इस दौरे से ठीक पहले राजस्थान की सियासत पूरी तरह गरमा गई है. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाया है कि वह छात्रों को राहुल गांधी के कार्यक्रम में जाने से रोकने की कोशिश कर रही है. गहलोत के मुताबिक, कोटा के सांसद और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के कार्यालय से जुड़े लोग कोचिंग सेंटरों, पेइंग गेस्ट और गेस्ट हाउस संचालकों पर दबाव बना रहे हैं. उनसे कहा जा रहा है कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनका कोई भी छात्र इस कार्यक्रम में न जाए. गहलोत ने इसे अलोकतांत्रिक और निंदनीय बताया है.

'मेहनत का फल नहीं, सपना देखने की सजा मिल रही है'

इस दौरे से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है. राहुल गांधी ने कहा, 'आज देश में युवाओं को मेहनत का फल नहीं, बल्कि सपना देखने की सजा मिल रही है. हर पेपर लीक, रद्द हुई परीक्षा और रुकी हुई भर्ती सिर्फ सिस्टम की नाकामी नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के सपनों पर सीधा हमला है. जब सरकार सुनने से इनकार कर दे, तो आवाज को और बुलंद करना पड़ता है. 17 जून को कोटा से उठने वाली यह आवाज पूरे देश में गूंजेगी.'

रेलवे वीडियो पर भी छिड़ी रार

राहुल गांधी ने पटलीपुत्र रेलवे स्टेशन का बताते हुए एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें पुलिस कांस्टेबल परीक्षा देने जा रहे छात्रों की भारी भीड़ और ट्रेनों की कमी का दावा किया गया था. इस पर पूर्व मध्य रेलवे ने तुरंत सफाई देते हुए कहा कि यह वीडियो पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन का नहीं है और न ही किसी की मौत या हताहत होने की खबर है. रेलवे के मुताबिक, वीडियो में दिख रहा व्यक्ति थकान या किसी बीमारी की वजह से अस्वस्थ लग रहा है.

कोटा से शुरू होकर दिल्ली तक जाएगा आंदोलन

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के अनुसार, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू हो रहा यह आंदोलन केवल कोटा तक सीमित नहीं रहेगा.

  • 17 जून: कोटा (शुरुआत)
  • 10 जुलाई: इलाहाबाद
  • 11 जुलाई: पटना
  • 14 जुलाई: दिल्ली
कांग्रेस की मुख्य मांगें क्या हैं?

इस देशव्यापी अभियान के जरिए कांग्रेस युवाओं से जुड़े मुद्दों को संसद में उठाने की तैयारी कर रही है. पार्टी की मुख्य मांगें हैं:-

  1. NEET परीक्षा का डिसेंट्रलाइजेशन किया जाए.
  2. प्रतियोगी परीक्षाओं की फीस पूरी तरह खत्म की जाए.
  3. पेपर लीक रैकेट में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो.
  4. केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लिया जाए.

ये भी पढ़ें:- बंजी जंपिंग हादसे में नया मोड़, बिना रस्सी के 130 फीट नीचे गिरने के बाद भी जिंदा थी लड़की; नर्स ने किया था 'मजाक'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rahul Gandhi, Kota, NEET Paper Leak, Congress News, Rajasthan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com