बिहार की राजधानी पटना में कोचिंग संस्थानों को लेकर बहस का सिलसिला जारी है. बहुचर्चित टीचर खान सर और पटना के ही एक नामी शिक्षक रोशन आनंद के बीच की अनबन ने शिक्षकों को भी अलग खेमों में बांट दिया है. मशहूर कोचिंग संस्थान फिजिक्सवाला के संस्थापक अलख पांडे ने इस विवाद में खान सरकार का समर्थन किया है. लेकिन अब पटना के ही एक प्रसिद्ध शिक्षक एस के झा ने कहा है कि अलख पांडे को पटना की सच्चाई नहीं पता है. एस के झा ने एनडीटीवी से अलख पांडे के समर्थ के बारे में कहा,"जो लोग बाहर से वीडियो बना रहे हैं, खान सर उन्हें समझा रहे हैं. लेकिन वे यहां के हालात नहीं जानते."
अलख पांडे ने किया खान सर का समर्थन
पटना में खान सर और रोशन आनंद विवाद पर अलख पांडे ने खुलकर खान सर का समर्थन किया है. अलख पांडे ने एक वीडियो में कहा,"एक इंसान देश के लिए इतना कुछ कर रहा है. यूट्यूब और सोशल मीडिया के माध्यम से पढ़ाकर शिक्षा इतनी सस्ती की. उस इंसान का कोई कर्तव्य नहीं बनता था कि बिहार में जाकर अस्पताल खोले और सस्ता इलाज करे, वो भी आप सभी के लिए किया."
अलख पांडे ने कहा कि जो भी विवाद हुआ है उसकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए. लेकिन एस के झा ने इस विवाद में खान सर को दोषी बताया और कहा कि उनकी वजह से रोशन आनंद के भाई प्रिंस की जान चली गई.

(खान सर और रोशन आनंद)
'माफी मांगें खान सर'
एस के झा ने कहा,"खान सर को माफी मांगनी चाहिए, उनसे गलती हुई है. किसी की एक गलती से अगर भाई की जान चली जाए तो उसे गुंडा ही कहेंगे."
झा ने आरोप लगाया कि खान सरकार बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के रिजल्ट पर दावा करते हैं, लेकिन उन्होंने एक घंटे भी क्लास नहीं ली है. उन्होंने कहा,"अगर वे सबसे सस्ती दरों पर पढ़ाते हैं और अच्छे टीचर हैं तो हमारे पास जो हजारों बच्चे पढ़ते हैं वे क्या दिमागी रूप से बीमार हैं?"
हालांकि एस के झा ने खान सर और रोशन आनंद से सुलह की अपील की. उन्होंने कहा,"हमलोग हाथ जोड़ कर दोनों से निवेदन करते हैं कि वे बीच का रास्ता निकालें और विवाद को खत्म करें."
ये भी पढ़ें-: देश के लिए इतना कुछ कर रहे... खान सर और रोशन आनंद विवाद पर बोले 'फिजिक्स वाला' के अलख पांडे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं