- बिना रस्सी बांधे 130 फीट नीचे फेंकी गई 21 साल की मारिया की सांसे बंजी जंपिंग हादसे के बाद भी चल रही थीं.
- मारिया को अटेंड करने वाली नर्स रेजा डायस ने कहा कि उन्होंने घायल को हिम्मत देने के लिए एक मजाक भी किया था.
- ब्राजीलियाई सांसद एंड्रिया डेंटास लेवी का भी कहना है कि बंजी जंपिंग वाली कंपनी बिना परमिशन के चल रही थी.
Brazil Bungee Jumping News: सोचिए... आप 130 फीट ऊंचे पुल के किनारे पर खड़े हैं. नीचे गहरी खाई है. आप रोमांच से भरे हुए हवा में छलांग लगा देते हैं, लेकिन नीचे गिरते हुए अचानक आपको पता चलता है कि आपकी सेफ्टी रस्सी तो बंधी ही नहीं है! ब्राजील की 21 साल की मारिया एडुआर्डा (Maria Eduarda) के साथ बीते शनिवार को बिल्कुल ऐसा ही हुआ. टीचर बनने का सपना देखने वाली मारिया की इस खौफनाक जंप का एक वीडियो सामने आया है. इसमें साफ दिख रहा है कि स्टाफ ने उन्हें हवा में उठाया और लिमेइरा के स्केलेटन ब्रिज (Skeleton Bridge) से नीचे धकेल दिया. लेकिन इस खौफनाक घटना का सबसे चौंकाने वाला सच इसके बाद मंगलवार को सामने आया.
100 फीट से ज्यादा नीचे गिरीं, लेकिन चल रही थीं सांसें
बिना रस्सी के इतनी भयानक ऊंचाई से सीधे जमीन पर टकराने के बाद भी मारिया की तुरंत मौत नहीं हुई थी. वहां मौजूद रेजा डायस (Rayza Dias) नाम की एक नर्स फौरन मदद के लिए दौड़ी. 'द सन' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रेजा ने बताया कि जब वह मारिया के पास पहुंची, तो उसकी सांसें चल रही थीं और पल्स भी महसूस हो रही थी. जिंदगी और मौत के बीच झूल रही मारिया का हौसला बढ़ाने के लिए नर्स ने उस पल में भी एक 'मजाक' किया. नर्स ने कहा- 'दूदा, मेरी शिफ्ट में कोई नहीं मरता.' हैरानी की बात यह है कि नर्स उस वक्त अपनी किसी शिफ्ट पर भी नहीं थी, उसने सिर्फ मारिया को हिम्मत देने के लिए ऐसा कहा था.
बताते चलें कि एडुआर्डा नाम की महिलाओं के लिए पुर्तगाली भाषा में दुदा एक निकनेम है.
कपड़े बदलकर भागे कर्मचारी, हेलीकॉप्टर से हुआ पीछा
जब मारिया वहां दर्द से तड़प रही थी, तब बंजी जंपिंग कराने वाले कर्मचारी खुद को बचाने की फिराक में थे. पुलिस ने बताया कि लड़की के गिरते ही कर्मचारियों ने तुरंत अपने कपड़े बदले और उनमें से कम से कम दो लोग वहां से भाग निकले. हालांकि, उनकी यह चालाकी ज्यादा देर नहीं चली. पुलिस के एक हेलीकॉप्टर ने उन्हें पोंटे डो एस्केलेटो (Ponte do Esqueleto) के रास्तों में ट्रैक कर लिया और वे पकड़े गए.
The woman who was thrown off a 130-foot bridge without a cord in Brazil was still alive when an off-duty nurse got to her on the ground.
— Collin Rugg (@CollinRugg) June 15, 2026
"I even talked to her... I told her, 'Nobody dies on my shift.' Even though I wasn't on my shift..." said nurse Rayza Dias.
Three of the… pic.twitter.com/oEAzusrFV2
पुलिस के सामने आरोपियों का रटा-रटाया जवाब
वीडियो में दिखने वाले तीन लोगों- लुइस (32), विटोर (27) और माइकन (42) पर गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है. इनके अलावा तीन और लोग पकड़े गए हैं. जब पुलिस ने इन आरोपियों से पूछा कि आखिर रस्सी बांधने की जिम्मेदारी किसकी थी? तो उनका जवाब हैरान करने वाला था. एक जंप के लिए 26 पाउंड (करीब 2800 रुपये) कमाने वाले लुइस और माइकन ने पुलिस से कह दिया- 'हमें याद ही नहीं है.' उनके वकील राफेल ने भी तर्क दिया कि उनके क्लाइंट सदमे में हैं क्योंकि वे सालों से यह काम कर रहे हैं और पहले कभी ऐसा नहीं हुआ.

इस घटना के बाद पुलिस ने कुल 6 लोगों को गिरफ्तार किया है.
Photo Credit: Police Handout
मौत से चंद घंटे पहले की वो आखिरी खुशी
जांच में यह खुलासा भी हुआ है कि हादसे से बस कुछ घंटे पहले मारिया अपनी जंप को लेकर बहुत एक्साइटेड थी. उसने सोशल मीडिया पर पुल के किनारे का नजारा और जंप कराने वाली कंपनी 'Entre Cordas' का बैनर भी पोस्ट किया था. चश्मदीद हिगोर डिनिज के मुताबिक, जब मारिया ने छलांग लगाई तो वहां 6 साल तक के छोटे बच्चे भी यह करतब देखने के लिए खड़े थे.

मारिया का कूदने से ठीक पहले का आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट.
Photo Credit: Instagram
इस हादसे के बाद मारिया की मां वाल्डेनिया पूरी तरह टूट चुकी हैं. उन्होंने अपना दर्द बयां करते हुए उस रस्सी को 'शापित और कलंकित' बताया है जिसे स्टाफ लगाना भूल गया था.
'बिना परमिशन के बंजी जंपिंग करवा रही थी कंपनी'इस बीच ब्राजीलियाई सांसद एंड्रिया डेंटास लेवी ने एक और बड़ा खुलासा किया है. उनके मुताबिक, जो कंपनी पुल से ये जंप करवा रही थी, उसके पास वहां मौजूद रहने की परमिशन तक नहीं थी. फिलहाल पुलिस इस पूरी घटना की तह तक जाने के लिए जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें:- E100 से भी चलेगी Hero Splendor, एथनॉल बाइक खरीदने वालों को परेशान होने की जरूरत नहीं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं