राजनीति में अक्सर नेताओं की तस्वीरें मंचों, सभाओं और सरकारी कार्यक्रमों में देखने को मिलती हैं, लेकिन बूंदी जिले में सामने आया एक वीडियो इन सबसे अलग नजर आया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ग्रामीणों के बीच बिल्कुल आम किसान की तरह नजर आ रहे हैं. सिर पर साफा, एक हाथ में लाठी और दूसरे हाथ में छतरी लिए वे सड़क किनारे बकरियां हांकते दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग उनकी सादगी और ग्रामीणों से सहज जुड़ाव की चर्चा कर रहे हैं.
बताया जा रहा है कि पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी नैनवां क्षेत्र में प्रमोद जैन की माताजी के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे. कार्यक्रम से लौटते समय नैनवां से आंवा जाने वाले मार्ग पर उनकी नजर भेड़-बकरी पालकों पर पड़ी. ग्रामीणों को देखकर उन्होंने अपना वाहन रुकवाया और उनके बीच पहुंच गए. इसके बाद कुछ देर तक वे पशुपालकों से बातचीत करते रहे और बकरियों को हांकते हुए भी नजर आए.
इस दौरान अचानक बारिश का दौर शुरू हो गया. सैनी एक हाथ में छतरी और दूसरे हाथ में लाठी लेकर पशुपालकों के साथ चलते दिखाई दिए. उनका यह अंदाज देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण भी उत्साहित नजर आए. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पूर्व मंत्री का यह सहज और ग्रामीण अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है.
नेता जी का देसी अंदाज! बकरियां हांकते नजर आए प्रभुलाल सैनी #PrabhulalSaini #Bundi #RuralRajasthan #Nainwa #Simplicity
— NDTV Rajasthan (@NDTV_Rajasthan) August 12, 2026
@PrabhulalSaini @BJP4Rajasthan @BJP4India @BundiPolice @RajCMO pic.twitter.com/AnFoNNp0u0
पशुपालकों से जानी समस्याएं
ग्रामीणों के बीच पहुंचे सैनी ने केवल बातचीत ही नहीं की, बल्कि पशुपालकों की समस्याओं और खेती-किसानी से जुड़े मुद्दों की जानकारी भी ली. उन्होंने बारिश के मौसम में भेड़-बकरियों में होने वाले संभावित रोगों को लेकर पशुपालकों से समय पर टीकाकरण करवाने की बात कही. उन्होंने फसल की स्थिति, बीमा और किसानों को मिलने वाली सरकारी योजनाओं के बारे में भी जानकारी ली.
सैनी ने किसानों से पूछा कि उन्हें किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है या नहीं. किसानों ने बताया कि सम्मान निधि का लाभ तो मिल रहा है, लेकिन बारिश की स्थिति और फसल को लेकर चिंता बनी हुई है. ग्रामीणों ने बताया कि पर्याप्त बारिश नहीं होने से कई जगह फसल कमजोर है.
पशुपालक हुए भावुक
पूर्व मंत्री को अपने बीच इस तरह देखकर पशुपालक भी भावुक हो गए. बकरी पालक शिवराज धाकड़ ने कहा कि उन्होंने प्रभुलाल सैनी को टीवी और अखबारों में कई बार देखा था, लेकिन उन्हें इस तरह अपने साथ बकरियां हांकते हुए देखकर खुशी हुई. उन्होंने कहा कि नेता अगर इसी तरह आम लोगों के बीच पहुंचकर उनकी परेशानी सुनें तो ग्रामीणों का भरोसा और मजबूत होता है.
वहीं शिवराज गुर्जर ने पूर्व मंत्री के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उस समय भेड़-बकरी पालकों के लिए कई योजनाओं का लाभ मिला था. उन्होंने कहा कि पशुपालकों के लिए किए गए काम आज भी उन्हें याद हैं.
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
पूर्व मंत्री का ग्रामीणों के बीच पहुंचना और बकरियां हांकने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग इसे नेता और ग्रामीणों के बीच सहज जुड़ाव की तस्वीर बता रहे हैं. वीडियो पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और कई लोग इसे राजनीति से अलग एक ऐसी तस्वीर बता रहे हैं, जिसमें एक पूर्व मंत्री अपने क्षेत्र के लोगों के बीच बिल्कुल आम ग्रामीण की तरह नजर आ रहे हैं.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ग्रामीणों के बीच बिल्कुल आम किसान की तरह नजर आ रहे हैं. सिर पर साफा, एक हाथ में लाठी और दूसरे हाथ में छतरी लिए वे सड़क किनारे बकरियां हांकते दिखाई दे रहे हैं.
ये भी पढ़ें-: सफाई कर्मियों के साथ धरने पर बैठे गए वन मंत्री, बोले- आदेश के बाद नियुक्ति पत्र क्यों नहीं?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं