- बूंदी जिले के केशवरायपाटन थाना क्षेत्र में कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर हादसे में एक पति-पत्नी की मौत
- पति-पत्नी बेटे का जन्मदिन मनाने कोटा जा रहे थे जब हादसा हुआ
- चालक हादसे के बाद ट्रक लेकर फरार हो गया जिसकी सीसीटीवी फुटेज से तलाश की जा रही है
कोटा में बेटे से मिलने और उसका जन्मदिन मनाने जा रहे बूंदी के एक सेवानिवृत्त शिक्षक और उनकी पत्नी की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. हादसे के बाद जिस घर में जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं, वहां देखते ही देखते मातम पसर गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई. यह हृदयविदारक हादसा बूंदी जिले के केशवरायपाटन थाना क्षेत्र में कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर गुडला टोल नाके के पास हुआ.
कापरेन निवासी 65 वर्षीय केदार लाल शर्मा अपनी पत्नी गीता शर्मा (55) के साथ बाइक पर सवार होकर कोटा जा रहे थे. इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया. दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई. बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. कई लोगों ने पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी, जबकि कुछ लोग मोबाइल से हादसे के वीडियो बनाते नजर आए. सूचना मिलते ही केशवरायपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर कापरेन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया.

बूंदी पुलिस ने बताया कि फरार चालक की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है
Photo Credit: NDTV
कोटा में रहते हैं दो बेटे
केशवरायपाटन थाने के सहायक उपनिरीक्षक हरिशंकर शर्मा ने बताया कि मृतक केदार लाल शर्मा कापरेन कस्बे के निवासी और सेवानिवृत्त शिक्षक थे. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दंपति अपने बेटे से मिलने कोटा जा रहे थे. गुरुवार को उनके बेटे का जन्मदिन था, जिसे परिवार के साथ मनाने की योजना थी. लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया.
परिजनों के अनुसार, मृतक के दो बेटे कोटा में रहते हैं. एक बेटा मेडिकल विभाग में कार्यरत है, जबकि दूसरा इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान संचालित करता है. माता-पिता के आने का इंतजार कर रहे दोनों बेटों को जैसे ही हादसे की सूचना मिली, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. जन्मदिन की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं.
हेलमेट पहनने के बाद भी लगी गंभीर चोट
हादसा इतना भीषण था कि हेलमेट भी दोनों की जान नहीं बचा सका. पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर हेलमेट मिला, जिसकी बेल्ट मृतक केदार लाल शर्मा के गले में फंसी हुई थी. टक्कर के कारण दोनों के सिर में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटनास्थल का मंजर इतना भयावह था कि उसे देखकर लोगों की रूह कांप उठी.
पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया. उसकी तलाश के लिए गुडला टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है.पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए हैं. अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
ये भी पढ़ें-: महिला ने एक साथ 4 बच्चों को दिया जन्म, डॉक्टर बोले- 24000 में से 1 मामला आता है ऐसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं