राजस्थान नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में जयपुर नगर निगम सहित 147 नगरीय निकायों में मतदान हो रहा है. इस बीच जयपुर की मतदाता सूची में दर्ज कुछ अनोखे नाम भी चर्चा का विषय बने हुए हैं. वोटर लिस्ट में ‘राष्ट्रपति', ‘ओबामा' और ‘अमरीश पुरी' जैसे नाम दर्ज हैं. ये नाम किसी बड़े पद पर बैठे व्यक्ति या अंतरराष्ट्रीय हस्ती के नहीं, बल्कि जयपुर के आम मतदाताओं के हैं.
चाट-पकौड़ी की दुकान लगाते हैं
शास्त्री नगर की तेलीपाड़ा कॉलोनी में रहने वाले 'राष्ट्रपति' साहू का नाम उनकी पहचान का हिस्सा बन चुका है. 'राष्ट्रपति' साहू रोजाना चाट-पकौड़ी की दुकान लगाते हैं. बताया जाता है कि बचपन में दोस्तों ने मजाक-मजाक में उन्हें ‘राष्ट्रपति' कहना शुरू किया था. समय के साथ यह नाम इतना प्रचलित हो गया कि यही उनकी पहचान बन गया और अब मतदाता सूची में भी उनका नाम 'राष्ट्रपति' साहू दर्ज है.
जयपुर में 'ओबामा' नाम का वोटर
जयपुर के वार्ड 146 की भट्टा बस्ती में रहने वाले एक मतदाता का नाम ‘ओबामा' दर्ज है. बचपन में दोस्तों के बीच पुकारे जाने वाला यह नाम धीरे-धीरे उनकी पहचान बन गया. अब यही नाम मतदाता सूची में भी दर्ज है. अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के नाम से मेल खाने के कारण यह नाम मतदान के दौरान लोगों का ध्यान खींच रहा है.
अमरीश पुरी नाम का भी वोटर
जयपुर की मतदाता सूची में सिर्फ 'राष्ट्रपति' और 'ओबामा' ही नहीं, बल्कि फिल्म अभिनेता अमरीश पुरी से मिलता-जुलता नाम भी दर्ज है. इसके अलावा सोडाला क्षेत्र में ‘फ्रांस' और ‘अम्मा' जैसे नाम भी मतदाता सूची में दिखाई देते हैं.
शहर के अलग-अलग इलाकों में ‘बांडया' और ‘चक्रधारी' जैसे नाम भी मतदाताओं की सूची का हिस्सा है. इन नामों की खासियत यह है कि नाम भले ही किसी बड़े पद, देश या चर्चित व्यक्ति की याद दिलाते हों, लेकिन इनके पीछे जयपुर के आम नागरिक हैं. \
नामों ने लोगों का ध्यान खींचा
किसी का नाम बचपन में दोस्तों की ओर से रखे गए उपनाम से प्रचलित हुआ तो किसी की पहचान उसी नाम से बन गई. जयपुर नगर निगम चुनाव में ये सभी मतदाता भी दूसरे मतदाताओं की तरह अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. वोटर लिस्ट में दर्ज इन दिलचस्प नामों ने चुनावी माहौल के बीच लोगों का ध्यान जरूर खींचा है.
यह भी पढ़ें: राजस्थान के 147 शहरी निकायों में दूसरे चरण का मतदान जारी, 87.60 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे वोट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं