भारतीय जनता पार्टी ने इस बार नगर निकाय चुनावों में अल्पसंख्यक चेहरों पर भी भरोसा जताया है. यही कारण है कि जयपुर जैसे बड़े नगर निगम के प्रत्याशियों की लिस्ट में बीजेपी की तरफ से अल्पसंख्यक प्रत्याशी घोषित किए हैं. बीजेपी के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी कहते हैं कि अल्पसंख्यक मोर्चे की तरफ से अल्पसंख्यक दावेदारों के लिए पैरवी आई थी और पार्टी ने मोर्चे की राय को तवज्जो दी है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस से मोहभंग होने की वजह से मुस्लिम समुदाय के लोग अब बीजेपी पर भरोसा करने लगे हैं.
अल्पसंख्यक मोर्चे ने की सिफारिश
बीजेपी महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी ने कहा,"हमारे अल्पसंख्यक मोर्चे के लोग अगर चाहते हैं की बीजेपी की विचारधारा से जुड़े लोगों को मौका मिले, तो पार्टी ने उनकी भावनाओं का सम्मान किया है. अल्पसंख्यक मोर्चा हमारी पार्टी की एक इकाई है और उन्होंने कहा कि जीतनेवाले मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया जाए. ऐसे में उनकी भावनाओं को देखते हुए पार्टी ने इसका सम्मान किया और उन्हें टिकट दिया है. आगे भी अगर वे इस तरह की सिफारिश करते हैं और जीतने लायक उम्मीदवार मिलते हैं तो आगे भी टिकट दिए जाएंगे."
कांग्रेस से हुआ मोहभंग
श्रवण बगड़ी ने कहा कि इन अल्पसंख्यक नेताओं का कांग्रेस से मोहभंग हुआ है और इसलिए अब वे बीजेपी से टिकट मांग रहे हैं. बगड़ी ने कहा,"एक वक्त था जब लोग कहते थे कि बीजेपी से मुस्लिम समुदाय के लोग टिकट ही नहीं मांगते, लेकिन इस बार कई लोगों ने आवेदन किया और टिकट मांगे. बगड़ी ने कहा कि हमारे पास एक लंबी लिस्ट है, जिसमें अल्पसंख्यक समुदाय ने पहली बार बीजेपी से बड़ी संख्या में टिकट मांगे और हमने जयपुर में आठ लोगों को टिकट दिए. हमारे पास आवेदनों की लंबी लिस्ट आई थी जिसमें से हमने छांटकर आठ लोगों को टिकट दिए.
प्रदेश महामंत्री ने कहा कि पार्टी ने जिताऊ उम्मीदवार की क्षमता जांची और मोर्चे की सिफारिश के आधार पर काम किया. उन्होंने कहा कि दूसरे जिलों में भी बीजेपी ने अल्पसंख्यक समुदाय के चेहरों को टिकट दी है.
ये भी पढ़ें-: कांग्रेस के टिकट बंटवारे पर सवाल, महीनेभर की रायशुमारी के बाद भी विधायकों की चली?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं