विज्ञापन

मंत्री मदन दिलावर ने निकाली नई 'नौकरी'! गाय चराओ, 10 हजार पाओ

राजस्थान के शिक्षा और पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने गांव के लोगों को हर महीने 10 हज़ार कमाने का एक नया फॉर्मूला दिया है. पढ़िए बारां से अर्जुन अरविंद की रिपोर्ट.

मंत्री मदन दिलावर ने निकाली नई 'नौकरी'! गाय चराओ, 10 हजार पाओ
@madandilawar

अक्सर अपने बयानों के लिए चर्चा में रहनेवाले राजस्थान के शिक्षा और पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने फिर एक बार एक बयान दिया है जिसकी बड़ी चर्चा हो रही है. उन्होंने कहा है कि गांव के लोग अगर चारागाहों में जाकर गाय चराएंगे तो वो उन्हें हर महीने 10,000 रुपए का वेतन देंगे. मदन दिलावर, सोमवार (2 फरवरी) को राजस्थान के बारां जिले के दौरे पर आए थे. वहीं एक गांव में एक जनसभा में उन्होंने इस नए तरह की 'नौकरी' का ऐलान किया.

मदन दिलावर ने बारां में जनसभा में लोगों से गायों को चराना शुरू करने का आह्वान किया और कहा कि पुराने जमाने में यही होता था. उन्होंने कहा, "जब मैं छोटा था तो देखता था कि गांव में एक ग्वाले को नियुक्त किया जाता था, वह सारे गांव की गायों को चराने के लिए ले जाता था और शाम को सारी गायें अपने घर चली आती थीं. इसलिए उस समय को हम गोधूलि बेला कहते थे. तब गायों के आने से जो धूल उड़ती थी उसे गोधूलि बेला कहते थे."

"ग्वाले को पैसा मैं दूंगा"

मदन दिलावर ने ग्रामीणों से कहा कि वे भी इसी तरह से ग्वालों को इकट्ठा कर चराने की व्यवस्था करें. उन्होंने कहा कि इसके लिए ग्वालों को हर महीने 10,000 रुपए वो खुद देंगे.

उन्होंने कहा, "ग्वाले का जो भी पैसा होगा मैं दूँगा. लेकिन तभी दूंगा जब आप चराने जाएंगे. लेकिन पैसा मैं दूंगा. आप मीटिंग करिए और ग्वालों को नियुक्त करिए. जिस दिन से आप करेंगे उस समय से 10,000 रुपये महीने का मैं दूंगा, ये मैं वादा कर रहा हूं."

"चारागाहों से दूर करूंगा कब्ज़ा"

मदन दिलावर ने साथ ही कहा कि गांव के लोग कहेंगे कि चारागाह पर अवैध कब्जा है, लेकिन वे उसे भी छुड़ाएंगे. दिलावर ने कहा, "चारागाह पर कब्ज़ा इसलिए हो गया है क्योंकि आपने गौमाता को चराने नहीं भेजा. आप तीन-चार महीने तक चराएं, वो खुद चले जाएंगे और अगर वो नहीं गए तो मैं पहले उनके हाथ-पैर जोड़ूंगा, और अगर फिर भी नहीं छोड़ेंगे तो मेरे पास पुलिस, एसडीएम, कलेक्टर क्यों है? मैं उनसे ज़मीन छुड़वा दूंगा. ये जिम्मा मेरा है."

ऐसी संभावना है कि पहले की तरह एक बार फिर विपक्ष उनके इस बयान को मुद्दा बना सकता है. विपक्ष ने पहले भी अक्सर उनके उन बयानों को लेकर उन्हें घेरा है जिनपर विवाद हुए हैं.

ये भी पढ़ें-: साध्वी प्रेम बाईसा: कंपाउंडर का खुलासा, 'डॉक्टर की पर्ची पर लगाया था इंजेक्शन', फिर 20 मिनट बाद क्या हुआ?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madan Dilawar, Cows, Minister Madan Dilawar, Rajasthan Jobs, Rajasthan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com