विज्ञापन

Rajasthan: टॉप आने पर छात्राओं को कराई गई हेलीकॉप्टर राइड, सरकारी स्कूल प्रिंसिपल की गजब की पहल

लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के दावे किए जाते हैं और इसके लिए लड़कियों को प्रोत्साहन भी दिया जाता है. लेकिन डीडवाना जिले के गांव ललासरी की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ने अनूठा उदाहरण पेश किया है. इस स्कूल की टॉपर छात्राओं को हेलीकॉप्टर में बैठाकर राइड करवाई गई.

Rajasthan: टॉप आने पर छात्राओं को कराई गई हेलीकॉप्टर राइड, सरकारी स्कूल प्रिंसिपल की गजब की पहल
स्कूल में टॉप आने पर छात्राओं को कराई गई हेलीकॉप्टर राइड.

डीडवाना जिले के ललासरी गांव के आसमान में मंडराता हेलीकॉप्टर किसी VIP या खास आदमी के लिए नहीं आया है, बल्कि यह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ललासरी की उन पांच छात्राओं को आसमान में उड़ान भरवाने आया है, जिन्होंने पिछले 5 साल में स्कूल में टॉप रैंकिंग हासिल की है. दरअसल, प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति नई प्रेरणा जगाने के उद्देश्य से कक्षा 12 की पिछले पांच वर्षों के स्कूल टॉपर छात्राएं—मुन्नी मेघवाल, गीतांजली मेघवाल, जिंकल जांगिड़, लक्ष्मी गुर्जर और कोमल गुर्जर को हेलीकॉप्टर राइड करवाई गई. यह अनूठी पहल विद्यालय के प्रिंसिपल हरवीर सिंह जाखड़ के नवाचार और भामाशाह ओमप्रकाश पावड़िया के सहयोग से संभव हो पाई.

गांव के उपर चक्कर लगाया

इस मौके पर दोपहर करीब 2.30 बजे स्कूल के खेल मैदान में जैसे ही हेलीकॉप्टर उतरा, उसे देखने के लिए विद्यालय के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी. जैसे ही टॉपर छात्राएं हेलीकॉप्टर में सवार हुईं, पूरा परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा. इस दौरान विद्यालय परिसर से ही हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी और स्कूल की मेधावी बेटियां आसमान की सैर पर निकल पड़ीं. हेलीकॉप्टर ने पूरे गांव के उपर चक्कर लगाया और छात्राओं को हवाई सफर करवाया.

अन्य विद्यार्थी भी प्रेरित होंगे

इस दौरान पांचों छात्राएं हेलीकॉप्टर राइड को लेकर बेहद उत्साहित नजर आई. उन्होंने अपने इस अनुभव को जीवन का सबसे यादगार पल बताया. छात्राओं ने कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि अपने ही स्कूल परिसर से हेलीकॉप्टर में उड़ान भरने का मौका मिलेगा. उनके लिए यह सपना सच होने जैसा अनुभव रहा. छात्राओं ने इस अनूठी पहल के लिए भामाशाह का आभार जताया और कहा कि प्रधानाचार्य के इस नवाचार से विद्यालय के अन्य विद्यार्थी भी प्रेरित होंगे और टॉपर बनने के लिए कड़ी मेहनत करेंगे.

वहीं विद्यालय के प्रिंसिपल हरवीर सिंह जाखड़ ने बताया कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है, जिसमें इटली प्रवासी और भामाशाह ओमप्रकाश पावड़िया का विशेष सहयोग मिला. प्रिंसिपल ने कहा कि इस तरह के प्रयास न केवल टॉपर विद्यार्थियों के लिए यादगार बनते हैं, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत कर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं. उनका मानना है कि शिक्षा में नवाचार से ही विद्यार्थियों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और उत्साह बढ़ता है.

रिपोर्ट-  जहीर अब्बास उसमानी 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
School Girls Helicopter Ride, Rajasthan, Girls Helicopter Rides, School News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com