विज्ञापन

'मौत का सामान' लिखकर 20 फीट हवा में लटका दी स्कॉर्पियो, महिंद्रा शोरूम के बाहर लोगों का प्रदर्शन

झुंझुनूं में करीब 9 दिन पहले हादसे में एक 21 साल के युवक की जान चली गई थी. आक्रोशित परिजनों और प्रदर्शनकारियों ने महिंद्रा शोरूम के बाहर नारेबाजी की.

'मौत का सामान' लिखकर 20 फीट हवा में लटका दी स्कॉर्पियो, महिंद्रा शोरूम के बाहर लोगों का प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों ने 20 फीट की ऊंचाई पर दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को लटका दिया.

झुंझुनूं में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद महिंद्रा शोरूम के बाहर कई लोगों ने प्रदर्शन किया. हादसा झुंझुनूं-डूंडलोद बाइपास पर 20 जुलाई को हुआ था. मृतक के परिजनों और दोस्तों ने बुधवार (29 जुलाई) को महिंद्रा शोरूम के बाहर प्रदर्शन किया. परिजनों ने युवक की मौत के बाद स्कॉर्पियो के एयरबैग पर सवाल भी उठाए. उन्होंने विरोध जताने के लिए क्रेन से 20 फीट ऊंचाई पर दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को लटका दिया. उनका आरोप है कि भीषण दुर्घटना के बावजूद वाहन के एयरबैग नहीं खुले. 

बिजली के खंभे से टकराई स्कॉर्पियो, कुल 5 लोग थे सवार

झुंझुनूं का रहने वाला 21 वर्षीय तरुण नायक 'रेंटल गाड़ियों' का काम करता था. वो 20 जुलाई को अपने 4 दोस्तों के साथ सीकर से झुंझुनूं लौट रहा था, तभी उसकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकराने के बाद पलट गई. हादसे में तरुण गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे नवलगढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. जबकि वाहन में सवार अन्य चार लोगों को मामूली चोटें आईं.

झुंझुनूं में महिंद्रा शोरूम के बाहर प्रदर्शन.

झुंझुनूं में महिंद्रा शोरूम के बाहर प्रदर्शन.

आरोप- कई बार कोशिश के बाद भी कंपनी ने दिया जवाब 

परिजनों का आरोप है कि हादसे के समय तरुण ने सीट बेल्ट लगा रखी थी, लेकिन दुर्घटना वक्त गाड़ी के एयरबैग नहीं खुले. उनका कहना है कि इस बारे में कई बार कंपनी से संपर्क किया गया, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला. इसी के विरोध में परिजन और दोस्त दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को क्रेन के जरिए शोरूम के बाहर लेकर पहुंचे. उन्होंने वाहन पर लाल रंग से 'मौत का सामान' और '20 लाख का डिब्बा' लिखकर विरोध दर्ज कराया और महिंद्रा कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की. 

प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें मुआवजा या नई गाड़ी नहीं चाहिए, बल्कि उनका बेटा, भाई और दोस्त वापस चाहिए. उनका कहना था कि तरुण परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और उनकी मृत्यु से परिवार आर्थिक संकट में आ गया है. 

करीब 4 महीने पहले खरीदी थी स्कॉर्पियो

वहीं, गहलोत मोटर्स के मैनेजर रवि शर्मा ने कहा कि युवक की मृत्यु पर उन्हें गहरा दुख है. उन्होंने बताया कि इसी साल मार्च महीने के अंत में चूरू से गाड़ी को खरीदा था. कंपनी प्रबंधन से लगातार संपर्क किया जा रहा है. बीमा कंपनी के जरिए पीड़ित परिवार को नियमानुसार सहायता दिलाने और कंपनी स्तर पर हरसंभव सहयोग करने का प्रयास किया जाएगा.

यह भी पढ़ेंः जयपुर ADM का PA 1 लाख की रिश्वत लेते ट्रैप, बिल पास कराने की एवज में लैपटॉप खरीदने के लिए मांग रहा था रकम


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jhunjhunu News, Scorpio Accident, Rajasthan News, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com