राजस्थान के जैसलमेर जिले में एकबार फिर बमनुमा संदिग्ध वस्तु मिलने से हड़कंप मच गया. जैसलमेर के किशनगढ़ क्षेत्र में ग्रामीण पानी की पाइपलाइन चेक करने गए थे जब उन्हें जमीन के पास लोहे जैसी एक वस्तु दिखाई दी. यह संदिग्ध चीज करीब से देखने पर यह हैंड ग्रेनेड जैसी नजर आई. इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सरपंच को दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों को संदिग्ध वस्तु से दूर रहने की हिदायत दी. ग्रामीणों ने बताया कि जैसलमेर के इस इलाके में पहले भी इस तरह की दो घटनाएं हो चुकी हैं और दोनों बार संदिग्ध वस्तु बम निकली थी. एक बार फिर इसी तरह की एक घटना के होने से ग्रामीणों में चिंता की लहर पैदा हो गई है.
'पहले लगा गोबर है'
इस घटना के बारे में एक प्रत्यक्षदर्शी पवन नाथ ने बताया कि गोस्वामी वाटिका के समाधि स्थल के पास पानी की लाइन बंद थी. इसी वजह से वह पाइपलाइन चेक करने पहुंचे थे. उन्होंने बताया,"पाइपलाइन चेक करते हुए मुझे पास में गोबरनुमा चीज दिखाई दी. उसे हटाया तो लोहे जैसा टुकड़ा नजर आया. पास जाकर देखा तो लगा कि यह हैंड ग्रेनेड जैसा है. इसके बाद मैंने स्थानीय सरपंच को फोन कर सूचना दी. फिर सरपंच ने पुलिस को सूचना दी और सभी लोगों से संदिग्ध वस्तु से दूरी बनाए रखने को कहा. कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई."
एनडीटीवी का ताजातरीन वीडियो देखें -
मौके पर पहुंची पुलिस
स्थानीय निवासी जसराज को भी ग्रामीणों के ग्रुप के जरिए बमनुमा वस्तु मिलने की जानकारी मिली. उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचे और पुलिस को भी इसकी जानकारी दी गई. मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने ग्रामीणों को संदिग्ध वस्तु से दूर रहने को कहा. पुलिस के अनुसार आर्मी और एयरफोर्स की टीम को सूचना दी गई है. विशेषज्ञ टीम के पहुंचने के बाद ही संदिग्ध वस्तु को डिफ्यूज किया जाएगा.फिलहाल पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है. यह वस्तु वास्तव में बम या हैंड ग्रेनेड है अथवा कोई पुरानी धातु की वस्तु,इसका खुलासा विशेषज्ञों की जांच के बाद ही होगा.

मौके पर पहुंची पुलिस और सेना के विशेषज्ञों की टीम
Photo Credit: NDTV
पहले भी दो बार मिले बम
ग्रामीण ने यह भी दावा किया कि करीब तीन महीने पहले इसी इलाके में दो बम जैसी वस्तुएं मिल चुकी हैं, जिन्हें सेना की टीम ने मौके पर पहुंचकर डिफ्यूज किया था. उनका कहना है कि दोबारा ऐसी वस्तु मिलने से पूरे गांव में डर का माहौल है. उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि घटनास्थल से महज कुछ दूरी पर हाल ही में जेसीबी से खुदाई हुई थी. उन्होंने कहा “अगर जेसीबी का पंजा इसके ऊपर आ जाता तो जेसीबी भी फट सकती थी.”
ये भी पढ़ें-: 871 साल का हुआ जैसलमेर, खिलजी और तुगलक के हमलों को झेला, सीमा पर आज भी है मजबूत ढाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं