राजस्थान की राजधानी जयपुर के कालवाड़ क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. करीब दो महीने पहले 58 वर्षीय व्यक्ति का शव घर में फंदे से लटका मिला था. उस समय पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या मानते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन अब मामले ने नया मोड़ ले लिया है. मृतक की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार 5 जुलाई को व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी. सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए गए. अगले दिन एसएमएस अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया था.
बेटी के गैंगरेप केस से जुड़ा है मामला
मृतक की पत्नी ने अपनी शिकायत में बताया कि जून 2026 में उनकी बेटी का अपहरण किया गया था. आरोप है कि अपहरण के बाद एक युवक ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर युवती से गैंगरेप किया. दो दिन बाद युवती के लौटने पर उसके बयान दर्ज कराए गए और चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया. पुलिस ने जांच के बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार भी किया था.
परिवार ने लगाया धमकाने का आरोप
परिजनों का कहना है कि गैंगरेप का मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपियों की ओर से लगातार समझौते का दबाव बनाया जा रहा था. केस वापस नहीं लेने पर परिवार को जान से मारने की धमकियां भी दी गईं.
मृतक की पत्नी का आरोप है कि चारों आरोपियों ने साजिश के तहत उनके पति की हत्या की और वारदात को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया. अब पुलिस हत्या के आरोपों, धमकियों और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है. मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी.
यह भी पढ़ें- 'काला जादू करती है मां...', बेटे को था शक, ऑटो से डीजल निकालकर मां को जिंदा जलाने का आरोप
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं