राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर क्षेत्र के बड़मिल्कपुर (रसनाली) गांव में शनिवार सुबह एक शोक सभा के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया. सिलेंडर से गैस लीक होने और उसमें आग लग जाने से कम से कम 21 लोग झुलस गए. घायलों में 15 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जयपुर रेफर किया गया है, जबकि छह लोगों का उपचार कोटपूतली जिला अस्पताल में जारी है.
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजे हुई. गांव के निवासी 80 वर्षीय जयराम कसाना का शुक्रवार को निधन हो गया था. उनके निधन के बाद आयोजित शोक सभा में शामिल होने के लिए पुरुषों और महिलाओं समेत करीब 50 लोग घर पर एकत्र हुए थे.
चाय बनाने के दौरान हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोक सभा के दौरान एक महिला घर में मौजूद लोगों के लिए चाय बनाने की तैयारी कर रही थी. जैसे ही उसने गैस चूल्हा जलाया, आग तेजी से फैल गई. बताया जा रहा है कि आंगन में रखा गैस सिलेंडर पहले से ही लीक हो रहा था, लेकिन परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी नहीं थी.
चूल्हा जलते ही आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते सिलेंडर, टेंट तथा आंगन में बिछी दरियों को अपनी चपेट में ले लिया. आग लगने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग उसकी चपेट में आकर झुलस गए.
ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता
भारतीय किसान संघ के कोटपूतली-बहरोड़ जिला अध्यक्ष अशोक कुमार घंघल ने बताया कि परिवार के लोगों को गैस रिसाव की जानकारी नहीं थी. अचानक आग भड़कने से वहां मौजूद कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए. ग्रामीणों ने पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया और घायलों को तुरंत एम्बुलेंस तथा निजी वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया.
प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हुआ सक्रिय
घटना की जानकारी मिलते ही बानसूर के एसडीएम नवनीत कुमार और तहसीलदार उप-जिला अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने अस्पताल में भर्ती घायलों का हालचाल जाना और हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई. अशोक कुमार घंघल के अनुसार, घायलों को शुरुआत में कोटपूतली और बानसूर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया था. कोटपूतली ले जाए गए घायलों में से 12 लोगों को बाद में जयपुर रेफर किया गया. वहीं बानसूर अस्पताल में भर्ती तीन अन्य गंभीर घायलों को भी जयपुर भेजा गया. इसके अलावा बानसूर के दो मरीजों को कोटपूतली जिला अस्पताल शिफ्ट किया गया.
एसएमएस अस्पताल में भर्ती गंभीर मरीज
फिलहाल छह घायल कोटपूतली जिला अस्पताल में उपचाराधीन हैं, जबकि कुल 15 मरीजों को जयपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. एसएमएस अस्पताल के कार्यवाहक अधीक्षक डॉ. रशिम कटारिया ने बताया कि अधिकांश घायलों का शरीर 20 से 40 प्रतिशत तक झुलसा है, जबकि कुछ मरीजों का शरीर करीब 50 प्रतिशत तक जल गया है. उन्होंने बताया कि सभी मरीजों की स्थिति का विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा लगातार आकलन किया जा रहा है. गंभीर रूप से झुलसे मरीजों को बर्न आईसीयू में भर्ती किया गया है और उनका इलाज शुरू कर दिया गया है. प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
यह भी पढ़ें | UP पुलिस ने ChatGPT-Gemini से खोज निकाली 5 साल से लापता महिला, सिर्फ बचपन की फोटो थी सहारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं