विज्ञापन
2 hours ago

नमस्कार! NDTV के जयपुर लाइव पेज (Jaipur LIVE Page) पर आपका स्वागत है. यहां हम आपको शहर की राजनीति, प्रशासनिक गतिविधियों, ट्रैफिक अपडेट, मौसम, क्राइम और शिक्षा के अलावा अन्य अहम घटनाओं की पल-पल की जानकारी देंगे. ग्राउंड पर मौजूद अपने अनुभवी संवाददाताओं की टीम और अन्य विश्वसनीय सोर्स के माध्यम से राजधानी से जुड़ी हर बड़ी और छोटी खबर आप तक पहुंचाते रहेंगे. सबसे पहले हर अपडेट के लिए हमारे लाइव ब्लॉग के साथ बने रहिए.

Here are the Live Updates of Jaipur News Today:

जयपुर में 7 लाख के नकली नोटों के साथ 15 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार

जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम ने मुरलीपुरा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश पीयूष चौधरी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने शातिर के पास से 500-500 रुपये के 7 लाख रुपये के नकली नोट और एक स्विफ्ट कार बरामद की है. कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में चोट आई है, जबकि उसके दो साथी फरार होने में सफल रहे. पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के मार्गदर्शन में हुई यह कार्रवाई एक बड़ी उपलब्धि है. शातिर अब तक ठगी की करीब 50 वारदातों को अंजाम दे चुका है और पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है.

राजस्थान में 'शुद्ध आहार' अभियान, 16 खाद्य पदार्थों पर प्रतिबंध और 13 लाइसेंस निलंबित

राजस्थान सरकार ने जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत कड़ा कदम उठाया है. खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने राज्यव्यापी छापेमारी करते हुए अलवर, जयपुर, जोधपुर और बीकानेर सहित कई जिलों में मिलावटखोरों पर नकेल कसी है. पिछले दो महीनों की इस कार्रवाई में 16 असुरक्षित पैक्ड खाद्य उत्पादों की बिक्री, वितरण और प्रदर्शन पर आगामी दो माह के लिए पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है. इसके अतिरिक्त, मानकों का उल्लंघन करने वाले 13 खाद्य संस्थानों के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं. 

जयपुर जौहरी बाजार: नौकर ही निकला चोर, लाखों की चोरी का खुलासा

राजधानी जयपुर के जौहरी बाजार स्थित एक कपड़े की दुकान में हुई बड़ी नकबजनी का पुलिस ने खुलासा किया है. दुकान में काम करने वाले सचिन प्रजापत ने ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया. हालांकि, भागने के दौरान उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी किए गए 7,90,000 रुपये बरामद कर लिए हैं.

जयपुर में 15 स्थानों पर लगे 47 कैमरे, ITMS तकनीक से ऑनलाइन हो रहे चालान

जयपुर पुलिस अब आई.टी.एम.एस. (ITMS) तकनीक के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नकेल कस रही है. पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के निर्देशों के तहत, शहर के 15 प्रमुख स्थानों पर लगे 47 अत्याधुनिक कैमरों द्वारा ऑनलाइन निगरानी की जा रही है.

डीसीपी ट्रैफिक योगेश गोयल के अनुसार, पिंजरापोल गोशाला, नेहरू गार्डन और वैशाली नगर जैसे क्षेत्रों में गति सीमा उल्लंघन, जबकि गवर्नमेंट हॉस्टल और पांच बत्ती जैसे स्थानों पर रेड लाइट जंप करने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है. ए.एन.पी.आर. कैमरों की मदद से वाहन मालिकों का विवरण जुटाकर सीधे ई-चालान भेजे जा रहे हैं. 

राजस्थान पुलिस में बड़ा फेरबदल, 40 इंस्पेक्टरों का तबादला; देखें लिस्ट

राजस्थान पुलिस महकमे में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए मुख्यालय ने 40 पुलिस इंस्पेक्टरों के तबादले कर दिए हैं. ADG (कार्मिक) बीजू जॉर्ज जोसफ द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों के अनुसार, इन सभी इंस्पेक्टरों को प्रदेश के विभिन्न थानों में थानाधिकारी के रूप में नई तैनाती दी जाएगी. कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह महत्वपूर्ण स्थानांतरण सूची जारी की गई है.

नीट यूजी री-एग्जाम: राजस्थान में 21 जून को 106 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) 21 जून को नीट यूजी री-एग्जाम आयोजित करने के लिए पूरी तरह तैयार है. राजस्थान में लगभग 2.09 लाख अभ्यर्थी 27 जिलों के 602 केंद्रों पर परीक्षा देंगे, जिसमें जयपुर में सर्वाधिक 106 केंद्र हैं. परीक्षा दोपहर 2:00 से 5:15 बजे तक होगी, जिसके लिए प्रवेश दोपहर 1:30 बजे बंद कर दिया जाएगा. सुरक्षा के लिए केंद्रों पर जैमर और सख्त फ्रिस्किंग की व्यवस्था होगी. NTA ने ड्रेस कोड के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं, जिसमें हल्के कपड़े, आधी बाजू के शर्ट और सैंडल पहनने की सलाह दी गई है. सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स वर्जित रहेंगे.

"ACB लक्ष्मण रेखा पार न करें, FIR में कौन डॉक्टर और मंत्री स्पष्ट करें ": किरोड़ी लाल मीणा

बीज निगम मामले में FIR में 'डॉक्टर' और 'सतीश पीए' का नाम आने पर मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने एसीबी दफ्तर पहुंचकर कड़ा विरोध जताया. उन्होंने कहा, "एसीबी लक्ष्मण रेखा पार न करे. FIR में कौन डॉक्टर और मंत्री है, एसीबी स्पष्ट करे. यह मेरे खिलाफ षड्यंत्र है, मुझे इसकी गहन पीड़ा हुई है. मैं किसी जज से जांच की मांग के लिए सीएम से बात करूंगा."

उन्होंने जोर देकर कहा कि मेरा पैसे से लेना-देन नहीं है. मुझे पता है षड्यंत्र कौन कर रहा है, लेकिन अभी सार्वजनिक नहीं करूंगा. अखबार ने 'मंत्री डॉ' छपवाया, एसीबी बताए वह कौन है. मैं कुछ भी करने को तैयार हूं.

'युवाओं की आवाज बने राहुल गांधी', जन्मदिन पर सचिन पायलट ने की सराहना

कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई दी. इस अवसर पर पायलट ने दिल्ली में युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित 'मेगा जॉब फेयर' में भाग लिया. उन्होंने बेरोजगारी से जूझ रहे युवाओं के लिए इस पहल को अत्यंत सकारात्मक और सराहनीय बताया. उन्होंने कहा कि कठिन समय में राहुल गांधी युवाओं के साथ मजबूती से खड़े हैं. इसके अतिरिक्त, पायलट ने एनएसयूआई द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में भी शिरकत की, जहां उन्होंने छात्रों से सीधा संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया. उन्होंने इन रचनात्मक आयोजनों के लिए युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों की सराहना की.

RPSC SI लिखित परिणाम घोषित, 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी फिजिकल के लिए चयनित

राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने उप निरीक्षक (SI) और प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2025 का लिखित परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है. 5 और 6 अप्रैल 2026 को आयोजित इस परीक्षा में कुल 20,045 अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए सफल घोषित किया गया है. आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह परिणाम पूरी तरह अस्थायी है और अंतिम चयन पात्रता एवं दस्तावेजों के सत्यापन के अधीन होगा. सफल अभ्यर्थी अब भर्ती के अगले चरण यानी फिजिकल टेस्ट की तैयारी में जुट गए हैं. 

Rajasthan Transfrer Order: राजस्थान में डॉक्टर और थर्ड ग्रेड टीचर के ट्रांसफर नहीं होंगे

राजस्थान सरकार ने ट्रांसफर-पोस्टिंग आदेश जारी कर दिए हैं. सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों की तबादलों की सूची 15 जुलाई तक जारी होगी. लेकिन, तृतीय श्रेणी शिक्षक और डॉक्टर्स के तबादले नहीं होंगे. ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़ी पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

सरकारी स्कीम में CSR बढ़ाने पर मंथन, डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने ली मीटिंग

महिला एवं बाल विकास विभाग की CSR मीटिंग राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में हुई. डिप्टी सीएम दिया कुमारी, मंत्री मंजू बाघमार समेत अधिकारी भी मौजूद रहे. सरकारी योजनाओं में CSR सहयोग बढ़ाने पर मंथन हुआ. कॉरपोरेट कंपनियां पंखुड़ी पोर्टल के तहत रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे. बैठक में बच्चों के पोषण, शिक्षा, सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण पर फोकस रहा. सामाजिक संस्थाओं और कॉरपोरेट सेक्टर की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में बातचीत हुई. 

आंगनबाड़ी को प्ले स्कूल के तहत तैयार करने के लिए तैयारियां तेज हो गई है. इस पहल के तहत ऐसे आंगनबाड़ी बनाए जाएंगे, जिन्हें एक सप्ताह के भीतर पूरी आंगनबाड़ी के तहत इंस्टाल कर दिया जाएगा. इस मीटिंग में टाटा ट्रस्ट, वेदांता समेत 60 कॉरपोरेट संस्थाएं और एनजीओ के प्रतिनिधि शामिल हुए.  

Nagar Nigam Jaipur: एसीबी ने पशुधन निरीक्षक को किया ट्रैप

जयपुर नगर निगम में ACB ने पशुधन निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. दुकान का लाइसेंस जारी करने की एवज में सुरेंद्र कुमावत ने  6 हजार की घूस मांगी थी.

IMD का अलर्ट, जानिए अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम

Jaipur Weather Alert: अगले 48 घंटो के लिए इन संभाग में अलर्ट

राजस्थान में एक और नए पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते बारिश दर्ज की गई है. राज्य के उत्तर पश्चिमी और पूर्वी भागों में आंधी-बारिश की गतिविधियां जारी रहने की प्रबल संभावना है. जयपुर संभाग के आसपास अगले 48 घंटो के दौरान तेज मेघगर्जन, आंधी के साथ मध्यम बारिश होने के आसार है. शेखावाटी, भरतपुर, बीकानेर और अजमेर संभाग के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है. 

NEET एग्जाम के लिए राजस्थान पुलिस का हेल्पलाइन नंबर जारी

कोटा अस्पताल में पीड़िताओं से मिले गहलोत

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोटा अस्पताल में भर्ती पीड़िताओं से मुलाकात की. इस दौरान उनके स्वास्थ की जानकारी ली. 

Ashok Gehlot: गहलोत ने सीएम भजनलाल शर्मा को लिखा लेटर

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल और बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की मौत के मामले में लेटर लिखा. उन्होंने पत्र में स्पष्ट कहा कि यह महज कोई सामान्य हादसा नहीं है, बल्कि सरकारी व्यवस्था की 'संस्थागत विफलता' है. उन्होंने मामले की जांच रिपोर्ट को तुरंत सार्वजनिक करने, जिम्मेदार अधिकारियों व डॉक्टरों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने और पीड़ितों के आजीवन इलाज की सरकारी गारंटी देने सहित कई मांग की. 

Jaipur News Live: सांगानेर में 4 घंटे बिजली कटौती

जयपुर के सांगानेर में आज 4 घंटे बिजली कटौती है. सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक बिजली बंद है. मेंटेनेंस के चलते सांगानेर, सरस्वती एन्क्लेव, लॉयंस पैराडाइस में कटौती की गई है. 

Jaipur Bihar train: जयपुर से बिहार तक नई ट्रेन, 21 जून को रेल मंत्री दिखाएंगे हरी झंडी

21 जून से जयपुर से नई ट्रेन का संचालन होगा. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव खातीपुरा स्टेशन (जयपुर) से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे. खातीपुरा-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस की पूरी डिटेल जानने के लिए यहां क्लिक करिए.

Jaipur Seva Shivir: जेडीए के शहरी सेवा शिविर में हुआ हंगामा

जयपुर में जेडीए के शहरी सेवा शिविर में हंगामा हुआ. पीआएन जोन के शिविर में पट्टा नहीं देने पर प्रभावित लोगों ने नारेबाजी की. इनमें शामिल एक व्यक्ति श्याम सुंदर शर्मा जमीन पर लेट गए. खुद को बताया भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए अधिकारी-कर्मचारियों पर गुस्सा जताया.  लोगों का आरोप है नियमन होने के बाद फाइलों में दस्तावेज ही गायब कर दिए जाते हैं. हालांकि मामले ने जब तूल पकड़ा तो जोन उपायुक्त दामोदर सिंह और संयुक्त आयुक्त सुभाष बोहरा को समझाइश करनी पड़ी. मामले में जल्द ही नियमानुसार कार्यवाही का आश्वासन दिया.  

Teacher Exam: शिक्षक भर्ती परीक्षा में प्रश्न डिलीट, अभ्यर्थी नाराज

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से अध्यापक भर्ती परीक्षा लेवल- 1 का परिणाम जारी होने के बाद से अभ्यर्थी नाराज है. रिजल्ट जारी होने के साथ ही 11 प्रश्नों को डिलीट किया गया है और 3 प्रश्नों के जवाब बदले गए हैं. उनका कहना है कि यह न्यायसंगत नहीं है.

Jaipur Today Live: 23 जिलों में प्रभारी मंत्री करेंगे योग दिवस के कार्यक्रम की अगुवाई

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को राज्य के 41 जिलों में योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इनमें से 23 जिलों में प्रभारी मंत्री कार्यक्रमों की अगुवाई करेंगे, जबकि 9 जिलों में विभिन्न बोर्ड और आयोगों के अध्यक्ष शामिल होंगे. शेष 9 जिलों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजन किए जाएंगे. उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी अजमेर में और उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा भीलवाड़ा में योग कार्यक्रम में भाग लेंगे.

Yoga day 2026: सीएम ने पदक विजेताओं के साथ किया योगाभ्यास

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. आज सीएम भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर विश्व योगासन चैम्पियनशिप के पदक विजेताओं के साथ योगाभ्यास किया. इन खिलाड़ियों ने अहमदाबाद में प्रथम विश्व योगासन चैम्पियनशिप में पदक जीता था. 

Jaipur news: सॉस में कीड़े, मेयोनेज़ भी गड़बड़, 2280 किलो खाद्य सामग्री जब्त

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ.टी शुभमंगला ने बताया कि जयपुर के खो नागौरियान क्षेत्र में नेचुरल ब्रांड के नाम से सॉस एवं मेंयोनीज़ की फैक्ट्री पर कार्रवाई की गई. इस दौरान करीब 2280 किलो खाद्य सामग्री सीज की गई. निरीक्षण में पाया गया कि फर्श जगह-जगह से टूटा हुआ था, फर्श के साथ लगी दीवारों पर ना तो टाइल्स थी और ना ही किसी तरह का पेंट किया हुआ था. वेजिटेबल सॉस में भारी मात्रा में कलर मिलाया जा रहा था, इसके साथ ही मेयोनीज बनाने के लिए काम आने वाला स्टार्च जो बिल्कुल अनहाइजीनिक स्थिति में रखा हुआ था.

Jaipur Crime: हॉस्पिटल के गेस्ट हाउस से 5 लाख के जेवरात चोरी

जयपुर के अपेक्स हॉस्पिटल से एक मरीज की करीब 5 लाख रुपए के जेवरात चोरी हो गए. सरकारी टीचर की पत्नी आईसीयू में एडमिट थी. पत्नी को एडमिट कराने के बाद पति हॉस्पिटल के गेस्ट हाउस में सो रहा था. वहीं, पास में ही सो रहे एक शख्स ने महज 5 मिनट के भीतर चोरी को अंजाम देकर फरार हो गया. 11 जून की वारदात का सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है. वीडियो में आरोपी अपने साथियों के साथ नजर आ रहा है. मालवीय नगर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.  

Monsoon 2026: जानिए मानसून कब आएगा

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के आगे बढ़ने में अभी 4 से 5 दिन का समय और लगने की संभावना जताई है. पिछले 2 साल यानी 2024 और 2025 में भी मानसून की एंट्री देरी से हुई थी, लेकिन इसके बावजूद अच्छी बरसात हुई थी. 

Jaipur Weather Update: 21 जून तक जारी रहेगा बारिश का दौर

अगले एक-दो दिन मौसम में खास बदलाव नहीं होगा. मौसम विभाग के मुताबिक, 21 जून तक बारिश का दौर जारी रहेगा. वहीं, 25 जून से राजस्थान में मानसून की एंट्री संभव है.

Jaipur Rain: प्री-मानसून की बरसात का दौर जारी

प्रदेश में प्री-मानसून की बरसात का दौर जारी है. राजधानी जयपुर में भी बादलों ने डेरा जमाए रखा है. बारिश के बीच तापमान में हल्की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है. कई शहरों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है. जयपुर में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री दर्ज किया गया है. कल देर शाम जमकर बारिश हुई, बावजूद इसके कई इलाकों में उमस का असर जारी है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Jaipur News Live, Jaipur News Latest, Jaipur Latest News, Jaipur Updates
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com