राजस्थान से बिहार के बीच नई ट्रेन शुरू होगी. 21 जून से खातीपुरा-दरभंगा अमृत भारत एक्सप्रेस का संचालन शुरू होगा. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव खातीपुरा स्टेशन (जयपुर) से इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. यह ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी और शुक्रवार को मेंटेनेंस के कारण संचालित नहीं होगी. राजस्थान से बिहार के बीच रेल संपर्क को मजबूती देने के लिए 21 जून से अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू होगी.
26 घंटे से ज्यादा की यात्रा, पूरा शेड्यूल जानिए
ट्रेन संख्या 19725 अमृत भारत एक्सप्रेस रात 10:30 बजे खातीपुरा से रवाना होकर विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होते हुए अगले दिन देर रात 12:55 बजे दरभंगा पहुंचेगी. यात्रा का कुल समय लगभग 26 घंटे 30 मिनट होगा. वापसी में ट्रेन संख्या 19726 दरभंगा से सुबह 4:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:40 बजे खातीपुरा पहुंचेगी. फेस्टिवल सीजन और छुट्टियों के दौरान इस रूट पर ट्रेनों में लंबी वेटिंग रहती है. यह नई रेल सेवा जयपुर और आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए फायदेमंद रहेगी. प्रवासी श्रमिकों, छात्रों, व्यापारियों और परिवारों को बड़ी राहत मिलने की संभावना है.
इन 23 स्टेशनों पर होगा ठहराव
रेलवे के एसीएम (आर) विवेकानंद शर्मा के बताया कि ट्रेन दौसा, बांदीकुई, मंडावर महुवा रोड, भरतपुर, ईदगाह (आगरा), आगरा, टूंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, उन्नाव, ऐशबाग, गोमतीनगर, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, कप्तानगंज, बगहा, नरकटियागंज, रक्सौल, बैरगनिया, सीतामढ़ी, जनकपुर रोड और कमतौल सहित कुल 23 स्टेशनों पर ठहरेगी.
500 से 950 रुपये तक किराया
इस ट्रेन का मेंटेनेंस खातीपुरा स्थित कोच केयर कॉम्पलेक्स में किया जाएगा, जिसका निर्माण करीब 205 करोड़ रुपये की लागत से हुआ है. रेल मंत्री वैष्णव इस कॉम्पलेक्स का उद्घाटन भी करेंगे, जिससे जयपुर ट्रेन मेंटेनेंस और एग्जामिनेशन का एक प्रमुख केंद्र बनेगा. अमृत भारत एक्सप्रेस की विशेषताओं में पूरी तरह नॉन-एसी आधुनिक कोच, पुश-पुल तकनीक के जरिए तेज संचालन और बेहतर सीटिंग व यात्री सुविधाएं शामिल हैं. किराया जनरल श्रेणी में लगभग 500 से 600 रुपये और स्लीपर श्रेणी में 850 से 950 रुपये के बीच रहने की संभावना है.
यह भी पढ़ेंः टेलीग्राम पर बिक रहा था री-नीट का फर्जी पेपर, 4 हजार रुपये में डील, 19 साल का आकाश गिरफ्तार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं