विज्ञापन

14 साल की बिटिया की हिम्मत देख नम हुई सबकी आंखें, CRPF पिता के निधन के बाद दी मुखाग्नि

जयपुर के चौमूं स्थित मंडा भिंडा गांव में सीआरपीएफ जवान नरसी लाल यादव का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ. 14 वर्षीय बेटी साक्षी द्वारा मुखाग्नि देने का दृश्य अत्यंत भावुक रहा. ग्रामीणों ने सरकार से शहीद का दर्जा देने की मांग की है.

14 वर्षीय बेटी साक्षी ने अपने पिता को मुखाग्नि दी.
NDTV

Rajasthan News: राजस्थान के जयपुर ग्रामीण स्थित चौमूं के मंडा भिंडा गांव में एक अत्यंत भावुक पल देखने को मिला. दिल्ली में अपनी ड्यूटी के दौरान निधन के बाद सीआरपीएफ के जवान नरसी लाल यादव का अंतिम संस्कार पूरे सैन्य सम्मान के साथ संपन्न हुआ. इस दुखद घड़ी में पूरा गांव अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए उमड़ पड़ा.

साहस और संस्कार की मिसाल बनी बेटी

अंतिम संस्कार का सबसे मार्मिक क्षण वह था जब जवान की 14 वर्षीय बड़ी बेटी साक्षी ने पितृ ऋण चुकाते हुए अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी. परंपराओं से परे जाकर बेटी का यह साहसी कदम वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखों में आंसू ले आया. साक्षी के इस हौसले को देखकर लोग नतमस्तक हो गए और हर तरफ उसकी चर्चा होने लगी.

गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी अंतिम सलामी

सीआरपीएफ की 55वीं बटालियन के असिस्टेंट कमांडेंट अजय त्यागी के नेतृत्व में 27 जवानों की टुकड़ी ने अपने साथी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया. जैसे ही पार्थिव शरीर गांव पहुंचा भारत माता की जय और नरसी लाल यादव अमर रहें के नारों से पूरा आसमान गूंज उठा. वर्ष 2007 में देश सेवा का संकल्प लेकर सीआरपीएफ में भर्ती हुए नरसी लाल यादव अपनी कर्तव्यनिष्ठा के लिए हमेशा याद किए जाएंगे.

परिवार की मांग और प्रशासन की भूमिका

शोक के इस माहौल में परिजनों ने चौमूं एसडीएम आशीष कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपा है. परिवार ने सरकार से नरसी लाल यादव को शहीद का दर्जा देने, उनकी याद में एक प्रतिमा लगवाने के लिए भूमि आवंटन करने और उनकी दोनों बेटियों की शिक्षा निःशुल्क करने की मांग रखी है. परिजनों का कहना है कि उन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है इसलिए सरकार को उनके परिवार की पूरी जिम्मेदारी उठानी चाहिए.

मंडा भिंडा गांव में इस घटना के बाद से मातम पसरा हुआ है. अंतिम यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और हजारों ग्रामीणों ने भाग लिया. हर व्यक्ति अपने इस वीर सपूत की शहादत को सलाम करता नजर आया. नरसी लाल यादव अपने पीछे अपनी पत्नी ममता देवी दो बेटियां और माता-पिता सहित एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं.

यह भी पढ़ें- IPS अरुण बोथरा कौन, जो केतन मर्डर केस में सिया के 'अभद्र इशारे' पर भड़के, पिता बोले-उंगली में लगी चोट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jaipur News, CRPF, Indian Army
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com