PM Modi Inaugurate Pachpadra Refinery: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज चार जुलाई को राजस्थान का दौरा करेंगे. इस दौरान वह बालोतरा में देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे. रिफाइनरी का उद्घाटन 21 अप्रैल को होना था. लेकिन उद्घाटन से एक दिन पहले ही रिफाइनरी में आग की घटना के बाद यह आगे के लिए टाल दिया गया. इसके अलावा प्रधानमंत्री जोधपुर हवाईअड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और क्षेत्रीय हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के मकसद से संशोधित ‘उड़ान' योजना की शुरुआत करेंगे. इसके साथ ही प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे.
जोधपुर टर्मिनल भवन: सालाना 20 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता
प्रधानमंत्री अपनी यात्रा की शुरुआत जोधपुर से करेंगे जहां वह जोधपुर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से बदली हुई 'उड़ान' योजना शुरू करेंगे. बयान के अनुसार 480 करोड़ रुपये की लागत से बने नए टर्मिनल भवन को सालाना 20 लाख यात्रियों को संभालने के लिए बनाया गया है. इसी तरह संशोधित 'उड़ान' योजना के तहत केंद्र सरकार ने अगले 10 साल में क्षेत्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए 28,840 करोड़ रुपये तय किए हैं.
54,000 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे पीएम मोदी
राजस्थान आगमन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को भी एक बड़ी सौगात देंगे. इस दौरान पीएम राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में हाल ही में भर्ती हुए लगभग 54,000 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे.
जयपुर मेट्रो फेज-2 में होंगे 36 स्टेशन
पीएम मोदी जयपुर मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के दूसरे चरण की आधारशिला रखेंगे, जिसकी अनुमानित लागत 13,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है. 41 किलोमीटर लंबे उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर में 36 स्टेशन होंगे. प्रधानमंत्री चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल दोहरीकरण परियोजनाओं को देश को समर्पित करेंगे। इसके अलावा, वह एनएच-125ए जोधपुर रिंग रोड खंड-2 (करवार-डांगियावास) परियोजना के तहत फोर-लेन सड़क का भी उद्घाटन करेंगे.
21 अप्रैल को होना था रिफाइनरी का उद्घाटन
राजस्थान के बालोतरा में पचपदरा रिफाइनरी परियोजना का उद्घाटन 21अप्रैल में पीएम मोदी द्वारा किया जाना था, लेकिन उद्घाटन से एक दिन पहले भीषण आग लगने के कारण इसे टाल दिया गया था. विज्ञप्ति के अनुसार, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम वाली यह रिफाइनरी 79,450 करोड़ रुपये की लागत से बनी है.
13 हजार करोड़ से ज्यादा की लागत में बन रही जयपुर की मेट्रो फेज-2
जयपुर मेट्रो के फेज-2 के शिलान्यास का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है. जयपुर की मेट्रो फेज-2 परियोजना 13 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा लागत से बनाई जाएगी. इसके तहत प्रहलादपुरा से पिंजरापोल गोशाला तक मेट्रो लाइन डेवलप की जाएगी. इसके वर्कऑर्डर भी जारी किए जा चुके हैं. यह लगभग 43 किलोमीटर की मेट्रो लाइन होगी. जयपुर के साथ-साथ टोंक रोड से लेकर सीकर रोड तक पूरे शहर से होकर मेट्रो निकलेगी.
प्रधानमंत्री ने जयपुर के लोगों को दी बधाई
प्रधानमंत्री ने जयपुर आगमन से पहले लिखा, "जयपुर के लोगों को बधाई! कल जयपुर मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के दूसरे चरण की आधारशिला रखी जाएगी. एक कॉरिडोर बनाया जाएगा जो कई रिहायशी और औद्योगिक इलाकों को जोड़ेगा. देश को समर्पित किए जाने वाले अन्य प्रोजेक्ट्स में चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल-डबलिंग प्रोजेक्ट, NH-125A को फोर-लेन करना, जोधपुर रिंग रोड सेक्शन-2 (करवार-डांगियावास) और अन्य शामिल हैं."
ऐतिहासिक होगा बालोतरा में कार्यक्रम- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने दौरे स पहले लिखा, "बालोतरा में कल का कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा, जिसमें 1.06 लाख करोड़ रुपये से ज़्यादा के कामों का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा. इसमें पचपदरा में इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण भी शामिल है. यह प्रोजेक्ट भारत के एनर्जी और पेट्रोकेमिकल सेक्टर को बढ़ावा देगा. इससे कई लोगों को रोज़गार के अवसर भी मिलेंगे."
विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने राजस्थान दौरे से पहले ट्विट कर लिखा, "मैं कल, 4 जुलाई को राजस्थान और गुजरात के लोगों के बीच जाकर ऊर्जा, एविएशन, सेमीकंडक्टर, शहरी विकास और अन्य क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए उत्सुक हूं. ये काम आत्मनिर्भर बनने और आर्थिक विकास को बढ़ावा देने की हमारी कोशिशों को काफी गति देंगे.
राजस्थान को मिलेगी1 लाख करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात
राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा ने ट्वीट कर लिखा, "राजस्थान के विकास को गति देने आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का 4 जुलाई 2026 को वीर धरा राजस्थान में आगमन हो रहा है. यशस्वी प्रधानमंत्री राजस्थान को ₹1 लाख करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की भव्य सौगात देंगें। इसके साथ ही, 50 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र भी प्रदान करेंगे. विकसित भारत विकसित राजस्थान के संकल्प को सिद्ध करने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री जी का कोटि-कोटि आभार!"
राजस्थान के विकास को गति देने आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी का 4 जुलाई 2026 को वीर धरा राजस्थान में आगमन हो रहा है।
— Bhajanlal Sharma (@BhajanlalBjp) July 3, 2026
कल का दिन प्रदेश के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है। यशस्वी प्रधानमंत्री जी राजस्थान को ₹1 लाख करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं की भव्य सौगात… pic.twitter.com/yUoegxs6yd
पीएम मोदी के दौरे से पहले सीएम ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शनिवार (4 जुलाई) को प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बालोतरा के पचपदरा स्थित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी में व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.