Rajasthan ACB Action: राजस्थान में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) का अभियान लगातार जोर पकड़ रहा है. इसी कड़ी में एसीबी जयपुर नगर चतुर्थ इकाई ने चौमू के आलीसर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए पटवारी के दलाल को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई भ्रष्टाचार की जड़ पर प्रहार करने के एसीबी मुख्यालय के प्रयासों का हिस्सा है.
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, परिवादी ने दिसंबर 2025 में आलीसर के चारणवास क्षेत्र में जमीन खरीदी थी और रजिस्ट्री भी करवाई थी. जमीन के नामान्तरण (म्यूटेशन) को खोलने के बदले आलीसर पटवार हल्का के पटवारी सुरेन्द्र स्वामी ने अपने दलाल भैरूराम यादव के माध्यम से 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी. परिवादी ने इसकी शिकायत एसीबी में की.
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन किया जिसमें रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई. सत्यापन के दौरान रिश्वत की राशि दिनांक 02.07.2026 को देने की बात तय हुई थी. आज जैसे ही दलाल भैरूराम यादव ने चौमू में एचपी पेट्रोल पंप के पास स्थित चाय की थड़ी पर परिवादी से 1,00,000 रुपये की रिश्वत ली, एसीबी की टीम ने उसे तुरंत दबोच लिया. मुख्य आरोपी पटवारी सुरेन्द्र स्वामी अभी फरार है जिसकी तलाश के लिए टीमें दबिश दे रही हैं.
एसीबी का सख्त एक्शन
इस सफल ट्रैप को एसीबी उप महानिरीक्षक-द्वितीय जयपुर ओमप्रकाश मीणा के सुपरवीजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक रामजीलाल और उनकी टीम ने अंजाम दिया. एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के दिशा-निर्देशों में अब दलाल से पूछताछ की जा रही है और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.
ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ मजबूती से खड़े हों. यदि कोई सरकारी कर्मचारी या व्यक्ति काम के बदले रिश्वत मांगता है तो तुरंत एसीबी की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 या व्हाट्सएप नंबर 9413502834 पर संपर्क करें. एसीबी आपकी पहचान गोपनीय रखते हुए आपके वैध कार्यों को पूरा कराने में पूरी सहायता करेगी.
यह भी पढ़ें- जयपुर नगर निगम में रिश्वत लेते ACB ने मैरिज रजिस्ट्रार को दबोचा, 110 रु के बदले मांगे थे 12500 रुपये
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं