विज्ञापन

जयपुर को निकाय चुनाव से पहले ₹1100 करोड़ की सौगात; 34 परियोजनाओं से चमकेगा पिंक सिटी का चेहरा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा निकाय चुनावों की तारीखों के एलान से पहले आज जयपुर के लिए कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे.

जयपुर को निकाय चुनाव से पहले ₹1100 करोड़ की सौगात; 34 परियोजनाओं से चमकेगा पिंक सिटी का चेहरा
सड़क, यातायात, जल निकासी और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाएं मिलेंगी
IANS

राजस्थान में निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू होने से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा आज, 18 अगस्त को राजधानी जयपुर को विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे. मुख्यमंत्री शाम 4 बजे जेएलएन मार्ग स्थित ओटीएस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में करीब 1,100 करोड़ रुपये की लागत वाले 34 विकास कार्यों का शिलान्यास करेंगे. इसके साथ ही 82.49 करोड़ रुपये की लागत से पूरे हो चुके पांच विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा. इन परियोजनाओं में सड़क, जल निकासी, बरसाती नालों, अंडरपास, यू-टर्न, पुलिया, बॉक्स कन्वर्ट और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े काम शामिल हैं.

पृथ्वीराज नगर और सांगानेर को बड़ी सौगात

कार्यक्रम में पृथ्वीराज नगर दक्षिण और सांगानेर जोन-8 में 49.97 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉर्म वाटर ड्रेन के निर्माण का शिलान्यास होगा. इसका उद्देश्य बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को कम करना है.

पृथ्वीराज नगर दक्षिण के जोन-4 में क्षतिग्रस्त सड़कों के नवीनीकरण पर 9.71 करोड़ रुपये, जबकि जोन-8 में सड़कों की मरम्मत और नवीनीकरण पर 21 करोड़ रुपये खर्च होंगे. हाईटेंशन लाइन के दोनों तरफ सड़क निर्माण पर 7.59 करोड़ रुपये और महल रोड पर पैदल यात्रियों के लिए अंडरपास निर्माण पर 6.95 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

प्रमुख सड़कों और कॉरिडोर का होगा विकास

जयपुर के कई प्रमुख कॉरिडोर पर करीब 39.85 करोड़ रुपये के विकास कार्य शुरू होंगे. इनमें सीबीआई फाटक-खातीपुरा रेलवे स्टेशन, एनआरआई जंक्शन-गोनेर रोड, अक्षय पात्र जंक्शन-गोनेर रोड, जगतपुरा फ्लाईओवर-सीबीआई फाटक और सात नंबर जंक्शन-एसकेआईटी कॉलेज मार्ग शामिल हैं.

महिंद्रा एसईजेड को अजमेर रोड से जोड़ने वाली 200 फीट सड़क के चौड़ीकरण और सुधार पर 13.29 करोड़ रुपये खर्च होंगे. सीकर रोड ट्रांसपोर्ट नगर में आंतरिक सड़कों के निर्माण पर 3.50 करोड़ रुपये और ग्राम पंचायत पावलिया में विभिन्न सड़क कार्यों पर 3.56 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हाथों मिलेगी सौगात

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के हाथों मिलेगी सौगात
Photo Credit: @BhajanlalBjp

सीकर रोड और मानसरोवर में भी काम

जोन-6 की प्रमुख सड़कों पर डिवाइडर और अन्य विकास कार्यों के लिए 5.34 करोड़ रुपये का प्रावधान है. सीकर रोड पर 8.14 करोड़ रुपये की लागत से यू-टर्न स्ट्रक्चर बनाया जाएगा.

मानसरोवर के मध्यम मार्ग पर 9 करोड़ रुपये की लागत से ड्रेनेज का निर्माण होगा. वहीं अजमेर रोड पर पुरानी चुंगी के पास 16.41 करोड़ रुपये की लागत से अंडरपास बनाया जाएगा. स्वर्ण पथ, रजत पथ और विजय पथ पर ड्रेन और सड़क निर्माण के लिए 5.41 करोड़ रुपये खर्च होंगे.

करतारपुर नाले पर रेलवे अंडरब्रिज

जयपुर के करतारपुर नाले के पास रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण भी प्रस्तावित विकास कार्यों में शामिल है. इसके साथ नाले पर मौजूद पुलिया को चौड़ा किया जाएगा. परियोजना पर करीब 13.40 करोड़ रुपये खर्च होंगे.

जोन-2 में चौराहों और सर्किलों पर यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए 6.25 करोड़ रुपये के काम होंगे. विद्याधर नगर सेक्टर-1 में 10 करोड़ रुपये की लागत से सूचना, व्यवसाय एवं मनोरंजन केंद्र के निर्माण की शुरुआत होगी.

अजमेर रोड और रिंग रोड पर दो सैटेलाइट अस्पताल

स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी जयपुर को बड़ी सौगात मिलेगी. अजमेर रोड के बालमुकुंदपुरा में 18.82 करोड़ रुपये की लागत से सैटेलाइट अस्पताल का शिलान्यास होगा. वहीं रिंग रोड के शिवदासपुरा क्षेत्र में 18.20 करोड़ रुपये की लागत से दूसरे सैटेलाइट अस्पताल का निर्माण शुरू किया जाएगा.  इसके अलावा एसएमएस अस्पताल में 46.66 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हृदय रोग संस्थान का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री करेंगे.

ये भी पढ़ें-: नागौर में 100 करोड़ की MD फैक्ट्री का मामला, भगोड़े फौजी के बाद सीनियर बैंक मैनेजर गिरफ्तार

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Jaipur News, Jaipur Development, Bhajanlal Sharma
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com