विज्ञापन

16 सेकंड में 15 वार, रॉड से सिर ताबड़तोड़ हमला... सागर में बीच बाजार युवक की बेरहमी से हत्या

दिनदहाड़े बीच बाजार हुई हत्या की वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.

16 सेकंड में 15 वार, रॉड से सिर ताबड़तोड़ हमला... सागर में बीच बाजार युवक की बेरहमी से हत्या
भोपाल:

मध्य प्रदेश के सागर के मकरोनिया थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े बीच बाजार एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. वारदात होटल पैराडाइज के सामने हुई, जहां आरोपी ने युवक के सिर पर लोहे की पाइप से कई वार किए. गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

मामले की जानकारी देते हुए मकरोनिया थाना प्रभारी नितिन पाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद सामने आया है. आरोपी की बहन ने मृतक अंकित पटेल से अंतर्जातीय प्रेम विवाह किया था. शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच मतभेद चल रहे थे. इसी पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी जय द्विवेदी ने अंकित पर हमला किया.

पुलिस के अनुसार, मृतक अंकित पटेल और आरोपी जय द्विवेदी की बहन के बीच प्रेम संबंध थे. दोनों ने परिवार की सहमति के बिना अंतर्जातीय विवाह किया था. शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच संबंध सामान्य नहीं रहे. पुलिस जांच में सामने आया है कि शादी के कुछ समय बाद अंकित और उसकी पत्नी के बीच घरेलू विवाद शुरू हो गया था.

विवाद बढ़ने के बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे और तलाक की स्थिति बन गई. कुछ समय बाद अंकित अपनी पत्नी को दोबारा घर लेकर आया. हालांकि, इसके बाद भी दोनों के बीच विवाद समाप्त नहीं हुआ. कुछ समय ससुराल में रहने के बाद पति-पत्नी के बीच फिर विवाद होने लगा. इसके बाद दोनों ने दोबारा अलग होने का फैसला किया और अलग-अलग रहने लगे.

पुलिस के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से अंकित अपनी पत्नी को वापस घर लाने का दबाव बना रहा था. इसी बात को लेकर उसके ससुराल पक्ष और पत्नी के परिवार से विवाद चल रहा था. पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते आरोपी जय द्विवेदी ने अंकित को निशाना बनाया.

रविवार को अंकित मकरोनिया थाना क्षेत्र में होटल पैराडाइज के सामने मौजूद था. इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और दोनों के बीच विवाद हुआ. देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया. आरोपी ने लोहे की पाइप से अंकित के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. सिर में गंभीर चोट लगने से अंकित जमीन पर गिर पड़ा. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही मकरोनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई. जमीन पर पड़े अंकित को अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

दिनदहाड़े बीच बाजार हुई हत्या की वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. घटना के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी के भागने की दिशा और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा सके.

पुलिस के अनुसार, फिलहाल हत्या की मुख्य वजह पारिवारिक विवाद और मृतक द्वारा अपनी पत्नी को वापस लाने का दबाव सामने आया है. हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. आरोपी जय द्विवेदी के पकड़े जाने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद है.

मकरोनिया थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.

इसे भी पढ़ें: दिल्ली में किया था कत्ल और मानेसर में बन गया टेलर, 24 साल बाद कैसे दबोचा गया कातिल

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhya Pradesh Crime, Madhya Pradesh Crime News, Crime News, Youth Murdered
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com