राजस्थान की राजधानी जयपुर पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है. यहां देश-दुनिया से बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने आते हैं. लेकिन दूसरी कई जगहों की ही तरह यहां भी अक्सर ऐसा होता है जब कई लोगों को लगता है कि वे इस शहर अच्छी तरह पहचानते हैं. उन्हें लगता है कि दो दिन की ट्रिप में वे झटपट किले, महल, पुरानी पिंक सिटी की झलक देखेंगे और उनका जयपुर दौरा पूरा हो जाएगा. लेकिन जो यात्री थोड़ा ठहरकर यहां का आनंद लेते हैं, उन्हें एक बिल्कुल अलग गुलाबी शहर देखने को मिलता है. ऐसा जयपुर जहां की सुबह शांत है, जहां की गलियों में कला की झलक है, जहां देर रात का अपना अलग मज़ा है, और जहां हर व्यंजन के पीछे एक कहानी छिपी होती है. भारत की एक बड़ी बैकपैकर हॉस्टल चेन ज़ोस्टेल (Zostel) ने अपने यहां ठहरनेवाले यात्रियों के अनुभवों के आधार पर जयपुर घूमने के छह टिप्स बताए हैं जिन्हें आप भी आज़मा सकते हैं.
1 - नाहरगढ़ से सुबह का नज़ारा
जयपुर का सूर्योदय के समय का नज़ारा सबसे मनमोहक दृश्यों में से एक है. सुबर के समय नाहरगढ़ में लगभग कोई नहीं होता. गर्मी और भीड़भाड़ से पहले ही सुबह-सुबह नाहरगढ़ किले की ओर निकलें और नीचे गुलाबी शहर को धीरे-धीरे सूरज की पहली किरणों के साथ जीवंत होते हुए देखें. हवा ठंडी होती है, रोशनी हल्की होती है, और पूरा शहर मानों थम सा जाता है. लौटते समय रास्ते में चाय की चुस्की ज़रूर लें, ताकि आपकी इस यादगार सुबह की याद यात्रा समाप्त होने के बाद भी लंबे समय तक आपके मन में बसी रहें.

नाहरगढ़ का किला काफी मशहूर है
Photo Credit: Unsplash
2. लोकल लोग जहां खातें हों, वहां खाएं
जयपुर के खाने का असली मज़ा तो हरेक खाने को चखने में ही है. सिर्फ उन्हीं जगहों की नहीं जिनके बारे में आपको गाइडबुक बताती हैं. सुबह की शुरुआत नाश्ते और मशहूर स्ट्रीट फ़ूड से करें, जहां स्थानीय लोग जाते हैं. फिर उन पारंपरिक रेस्टोरेंट में जाएं जहां पीढ़ियों से चले आ रहे राजस्थानी व्यंजनों को उसी पारंपरिक अंदाज़ में परोसा जाता है. हालांकि अब शहर में कई आधुनिक कैफ़े क्षेत्रीय व्यंजनों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय व्यंजनों को भी नए अंदाज़ में पेश कर रहे हैं. लेकिन वहां का असली मज़ा तो उन कहानियों में है, जो वहां के स्थानीय शेफ़ और मेज़बान आपको व्यंजनों की कहानियां बता सकते हैं.

जयपुर में राजस्थानी थाली काफी लोकप्रिय है
Photo Credit: istock
3. पुराने शहर की कलात्मक गलियों में चक्कर लगाएं
जयपुर एक जीवंत शिल्प कला का शहर है, न कि कोई संग्रहालय. इसके बाज़ारों में आपको जयपुर की ज़िंदादिली दिखाई देगी. आभूषणों के लिए जौहरी बाज़ार जाएं. कपड़ों के लिए बापू बाज़ार, लाख की चूड़ियों के लिए त्रिपोलिया और सांगानेर ब्लॉक प्रिंटिंग के लिए प्रसिद्ध हैं. खरीददारी के अलावा, वहां आपको कुशल कारीगरों को सदियों पुरानी कलाओं को साकार करते देखने के साथ पीढ़ियों से चली आ रही तकनीकों और कहानियों को सुनने का अवसर मिलेगा. यह शहर की विरासत को उन लोगों के हाथों में महसूस करने का सबसे सरल तरीका है, जो इसे जीवित रखे हुए हैं.
4. शहर को रात में घूमें
शहर का एक शांत और अंतरंग चेहरा है, जो सूर्यास्त के बाद ही सामने आता है. कल्पना कीजिए इन अनुभवों को - छत पर भोजन करना, शाम की हवा में गूंजता जीवंत लोक संगीत, पुरानी इमारतों में छिपे हुए पारंपरिक बार और रात के आकाश में जगमगाते स्मारकों की चमक. रात के बाद जयपुर में दर्शनीय स्थलों की सैर से ज़्यादा सुकून से समय बिताने का मन करता है.

नाहरगढ़ से जयपुर का रात का नज़ारा
Photo Credit: Pexels
5. ऐसी जगह रहें जहां जयपुर का अनुभव होता हो
आप जहां ठहरते हैं, वह शहर के आपके अनुभव को आकार देता है. और जयपुर एक ऐसा शहर है जहां अच्छी जगह ठहरना चाहिए. ऐसी जगहें ढूंढें जो शहर की झलक अपने डिज़ाइन, स्थानीय वास्तुकला, आकर्षक इंटीरियर, खुले आंगनों और राजस्थान पर आधारित बारीकियों में समेटे हों. ठहरने की जगह को सिर्फ रात बिताने की जगह नहीं मानें. ऐसी जगहों पर ठहरें जो आपकी पसंद के आधार पर सुझाव देती हैं और ऐसा अनुभव प्रदान करती हैं जो आपकी यात्रा को सचमुच खास बना देते हैं.

Photo Credit: Unsplash
6. जयपुर की आत्मा का अहसास करें
बेशक, ये ऐतिहासिक स्थल अपनी प्रतिष्ठा के लिए जाने जाते हैं. आमेर किला, सिटी पैलेस, हवा महल और पन्ना मीना का कुंड की बावड़ी देखने लायक हैं. चोखी ढाणी में राजस्थानी संस्कृति की धड़कन महसूस करें, जंतर-मंतर की भव्यता और पत्रिका गेट की बारीक कारीगरी को देखकर अचंभित हो जाएं, और ऐतिहासिक मंदिरों के माध्यम से शहर के आध्यात्मिक पक्ष से जुड़ें. जयपुर के किसी त्योहार के आसपास अपनी यात्रा की योजना बनाएं, और आप गुलाबी शहर को उसके सबसे जीवंत रूप में देखेंगे.
जयपुर उन पर्यटकों को यादगार अनुभव देता है जो इसे समय देते हैं. जल्दबाजी में घूमने पर यह महज़ स्मारकों का शहर बनकर रह जाता है. लेकिन अगर आप इसे समय देंगे, तो यह सुबहों की खूबसूरती, सदियों पुरानी संस्कृति, लज़ीज़ व्यंजनों और ऐसी शामों का शहर बन जाता है जहां आप बार-बार लौटना चाहेंगे. यह वो जयपुर है, जिसे ज़ोस्टेल का समुदाय बखूबी जानता है, और जिसे आप तभी पा सकते हैं जब आप इस शहर को समय देंगे.
ये भी पढ़ें-: IAS और RAS की तैयारी के साथ सियासत में एंट्री, निकाय चुनाव में BJP-कांग्रेस ने Gen Z को दिए टिकट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं