अगर आप आज यानी 27 सितंबर को राजस्थान घूमने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है. विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर राजस्थान के संरक्षित स्मारकों और संग्रहालयों में भारतीय और विदेशी पर्यटकों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जा रहा है. यानी जयपुर के आमेर महल, जंतर-मंतर समेत कई ऐतिहासिक स्थलों को बिना एंट्री फीस के देखने का मौका मिलेगा. इस मौके पर प्रमुख पर्यटन स्थलों पर विशेष गतिविधियां और कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं.
आमेर महल और जंतर-मंतर पर खास कार्यक्रम
जानकारी के अनुसार, विश्व पर्यटन दिवस के मौके पर जयपुर के आमेर महल और जंतर-मंतर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं. इसका उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत, स्थापत्य कला और संस्कृति से करीब से जोड़ना है. जंतर-मंतर जयपुर का प्रसिद्ध खगोलीय वेधशाला परिसर है और यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है.
पर्यटकों को नहीं देना होगा प्रवेश शुल्क
राज्य के पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग से जुड़ी जानकारी के मुताबिक 27 सितंबर को संरक्षित संग्रहालयों और स्मारकों में भारतीय और विदेशी पर्यटकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है. ऐसे में अगर आप जयपुर या राजस्थान के किसी दूसरे शहर में घूमने की योजना बना रहे हैं, तो आज का दिन ऐतिहासिक स्थलों को देखने के लिए खाास हो सकता है.

ये भी पढ़ें- Pitru Paksha 2026: पिंडदान और श्राद्ध के लिए दिल्ली से गया कैसे पहुंचे, यहां जानिए रूट और पूरी डिटेल
राजस्थान की विरासत देखने का मौका
बता दें कि राजस्थान अपने किलों,महलों, हवेलियों और ऐतिहासिक स्मारकों के लिए देश-दुनिया में जानाा जाता है. आमेर महल जयपुर की प्रमुख ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल है, जबकि जंतर-मंतर अपने विशाल खगोलीय उपकरणों के लिए प्रसिद्ध है. राजस्थान पर्यटन की आधिकारिक वेबसााइट भी दोनों स्थलों को प्रमुख विरासत स्थलों के रूप में प्रस्तुत करती है.
घूमने निकलने से पहले क्या ध्यान रखें?
फ्री एंट्री का लाभ लेने के लिए पर्यटक संबंधित स्मारक के निर्धारित समय में ही पहुंचें. अलग-अलग स्थलों के खुलने और बंद होने का समय अलग हो सकता है. उदाहरण के लिए राजस्थान पर्यटन की वेबसाइट पर जंतर-मंतर के लिए 9 बजे सुबह से 7 बजे शाम तक का समय दिया गयाा है. विश्व पर्यटन दिवस हर साल 27 सितंबर को मनाया जाता है. यह दिन पर्यटन के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक महत्व को सामने लाने के साथ स्थानीय विरासत और जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए भी मनााया जाता है.
ये भी पढ़ें- ट्रिप के लिए होटल की कर रहे हैं बुकिंग? सस्ती कीमत नहीं, इन 4 चीजों का भी रखें ध्यान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं