जयपुर के विश्वकर्मा इलाके में पति की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक पत्नी कविता मीणा ने अपने प्रेमी गणेश मीणा के साथ मिलकर पति महेश मीणा की हत्या की साजिश रची. पाइन एप्पल जूस में सल्फास की गोलियां मिलाकर महेश को पिला दी. तबीयत बिगड़ने के बाद भी उसे करीब दो से तीन घंटे तक अस्पताल नहीं ले जाया गया. पुलिस ने पत्नी कविता और उसके प्रेमी गणेश को गिरफ्तार कर लिया है.
पाइन एप्पल जूस में जहर मिलाया
विश्वकर्मा थाना इलाके में हुई महेश मीणा की मौत अब हत्या की वारदात निकली है. कविता 5 अगस्त को महेश को दवाई दिलाने के बहाने बाइक से बोराज लेकर गई. इसके बाद दोनों नईनाथ धाम, बस्सी पहुंचे. आरोप है कि यहीं पाइन एप्पल जूस में सल्फास की गोलियां मिलाकर महेश को पिला दी गईं. जूस पीने के बाद महेश की तबीयत बिगड़ने लगी, लेकिन आरोप है कि कविता और गणेश उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय करीब दो से तीन घंटे तक सड़क पर घुमाते रहे.
युवक के सुसाइड से आया आइडिया
पुलिस पूछताछ में एक और चौंकाने वाला एंगल सामने आया है. पुलिस के मुताबिक कविता के गांव में पहले किसी व्यक्ति ने सल्फास खाकर आत्महत्या की थी. इसी घटना से कविता के दिमाग में सल्फास के जरिए हत्या करने का तरीका आया. आरोप है कि महेश को सल्फास देने के बाद करीब दो घंटे तक उसे सड़क पर घुमाया गया. इसके बाद किसी को शक न हो, कविता ने महेश के भाई को फोन किया और कहा कि उसकी तबीयत खराब है, जल्दी आओ.
सीसीटीवी फुटेज से खुली पोल
महेश के भाई के पहुंचने के बाद उसे सीकेएस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज और कॉल डिटेल खंगाली. फुटेज में सामने आए रूट और आरोपियों की गतिविधियों को जोड़ते हुए पुलिस ने शक की कड़ियां जोड़ीं.
सात साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
जांच में कविता और गणेश के बीच पिछले छह-सात साल से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई. पुलिस के मुताबिक कविता गणेश से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार ने उसकी शादी महेश से कर दी थी. पिछले 1.5 साल से वह हत्या की साजिश रच रही थी. शादी के करीब डेढ़ साल बाद महेश को रास्ते से हटाने की कथित साजिश रची गई. पुलिस ने कविता मीणा और गणेश मीणा को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस कर रही पूछताछ
हत्या की साजिश, सल्फास देने और वारदात के बाद की गतिविधियों को लेकर पुलिस पूछताछ में सामने आए तथ्यों पर बयान. फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. सल्फास कहां से लाई गई, हत्या की साजिश कब और कैसे तैयार हुई और वारदात में दोनों की क्या-क्या भूमिका रही, इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच जारी है.
यह भी पढ़ें: शादी, सत्संग जैसे बड़े आयोजनों में FSSAI लाइसेंस वाले हलवाई ही बना पाएंगे खाना, वरना होगी कार्रवाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं