विज्ञापन

फर्जी डिग्रियों का जाल, राजस्थान SOG की ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई राज्यों के यूनिवर्सिटी जांच के घेरे में

पिछले 5 वर्षों में हुई जांच में कई निजी विश्वविद्यालय, दलाल और सरकारी कर्मचारी SOG के रडार पर आए हैं. लाखों रुपये लेकर बैकडेट में डिग्रियां, मार्कशीट और खेल प्रमाणपत्र तक उपलब्ध कराए जा रहे थे.

फर्जी डिग्रियों का जाल, राजस्थान SOG की ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई राज्यों के यूनिवर्सिटी जांच के घेरे में
फेक डिग्री मामले में कई राज्यों के यूनिवर्सिटी पर जांच (फाइल फोटो)
Rajasthan:

राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने फर्जी डिग्री और प्रमाणपत्रों के जरिए सरकारी नौकरी हासिल करने वाले अभ्यर्थियों तथा इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने वाले गिरोहों के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ रखा है. पिछले 5 वर्षों में हुई जांच में कई निजी विश्वविद्यालय, दलाल और सरकारी कर्मचारी SOG के रडार पर आए हैं. जांच में सामने आया है कि लाखों रुपये लेकर बैकडेट में डिग्रियां, मार्कशीट और खेल प्रमाणपत्र तक उपलब्ध कराए जा रहे थे. इन फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर अभ्यर्थियों ने सरकारी नौकरियां हासिल कर लीं. 

बैकडेट में डिग्रियां और प्रमाणपत्र तैयार

SOG की जांच में सबसे चर्चित मामला चूरू स्थित OPJS University से जुड़ा सामने आया. अप्रैल 2024 में SOG ने स्टिंग ऑपरेशन कर फर्जी डिग्री उपलब्ध कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया था. कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 50 से अधिक संदिग्ध डिग्रियां बरामद हुई थीं. जांच में आरोप लगा कि विश्वविद्यालय से जुड़े कुछ लोगों की मिलीभगत से बैकडेट में डिग्रियां और प्रमाणपत्र तैयार किए जा रहे थे. 

इसके अलावा SOG ने PTET भर्ती-2022 में चयनित अभ्यर्थियों की डिग्रियों की जांच के दौरान मध्यप्रदेश की दो निजी यूनिवर्सिटियों को भी जांच के दायरे में लिया. इनमें Rabindranath Tagore University तथा Shri Sathya Sai University of Technology and Medical Sciences शामिल हैं. आरोप है कि कुछ अभ्यर्थियों ने इन संस्थानों से जारी संदिग्ध BEd डिग्रियों के आधार पर सरकारी नौकरी प्राप्त की. SOG ने रिकॉर्ड जब्त कर विस्तृत जांच शुरू की है. 

डमी कैंडिडेट से परीक्षा फिर फर्जी डिग्री से नौकरी

SOG की पड़ताल में यह भी सामने आया कि कुछ अभ्यर्थियों ने भर्ती परीक्षाओं में डमी कैंडिडेट बैठाकर परीक्षा पास की और बाद में फर्जी BSc डिग्री लगाकर नौकरी हासिल कर ली. ऐसे ही एक मामले में SOG ने फर्जी डिग्री उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया था और एक बड़े नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका जताई थी. 

हाल ही में SOG ने फर्जी FMGE (फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट एग्जाम) प्रमाणपत्र मामले में भी कार्रवाई की. जांच में आरोप सामने आया कि विदेश से MBBS करने वाले कुछ अभ्यर्थियों ने कथित रूप से नकली प्रमाणपत्रों के जरिए मेडिकल क्षेत्र में प्रवेश हासिल किया. 

SOG जांच में प्रमुख संस्थान

OPJS University – फर्जी डिग्री और खेल प्रमाणपत्र मामले में जांच.

Rabindranath Tagore University – संदिग्ध BPEd डिग्रियों की जांच.

Shri Sathya Sai University of Technology and Medical Sciences – PTI भर्ती में उपयोग हुई डिग्रियों को लेकर जांच.

Mewar University – फर्जी डिग्री प्रकरण में अधिकारियों की भूमिका की जांच का दावा सामने आया. 

OPJS यूनिवर्सिटी, जेएस यूनिवर्सिटी, सत्य साईं मध्यप्रदेश की यूनिवर्सिटी, उत्तराखंड की हिमालयन गड़वाल यूनिवर्सिटी, कलिंगा यूनिवर्सिटी, सिरलॉक्स यूनिवर्सिटी, मेवाड यूनिवर्सिटी समेत 25 से ज्यादा यूनिवर्सिटी एसओजी की रडार पर है.

फर्जी डिग्री से नौकरी लेने वालों का लगाया जा रहा पता

SOG अधिकारियों का कहना है कि फर्जी डिग्री, डमी कैंडिडेट और भर्ती परीक्षा घोटालों के बीच गहरे संबंध सामने आ रहे हैं. जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि कितने अभ्यर्थियों ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरियां हासिल कीं और इस पूरे नेटवर्क में विश्वविद्यालयों, दलालों तथा अन्य लोगों की क्या भूमिका रही.  SOG की लगातार कार्रवाई से प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं और शैक्षणिक संस्थानों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं. आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

परीक्षा धांधली, फर्जी डिग्री, फर्जी सर्टिफिकेट मामले में एसओजी ने अब तक 100 से 150 लोगों क़ो गिरफ़्तार कर लिया है. जिन्होंने फर्जी डिग्री या फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल की थी.

यह भी पढ़ेंः आदेश के बाद भी 53 दिन नहीं दी रिहाई, हाई कोर्ट ने 2 लाख मुआवजे के साथ राजस्थान सरकार को लगाई फटकार

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Fake Degree Cases, Rajasthan SoG, Fake Universities, Fake Degree For Job, Rajasthan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com