रोहतास जिले के शिवसागर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शुक्रवार (12 जून) की शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब औचक निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अभिषेक कुंदन को कथित रूप से शराब के नशे में पाए गए. सिविल सर्जन के निरीक्षण के दौरान सामने आए इस मामले के बाद पुलिस एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया. चिकित्सा पदाधिकारी के सरकारी आवास से शराब की बोतलें भी बरामद की गई हैं. घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन में खलबली मच गई है.
औचक निरीक्षण में सामने आई सच्चाई
जानकारी के अनुसार, रोहतास के सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन को पिछले कई दिनों से शिवसागर सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं. शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि वे अक्सर नशे की हालत में रहते हैं तथा मरीजों और उनके परिजनों के साथ उनका व्यवहार भी संतोषजनक नहीं रहता है.
इन्हीं शिकायतों की सत्यता की जांच के लिए शुक्रवार की शाम सिविल सर्जन अचानक अस्पताल पहुंच गए. निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को संदिग्ध अवस्था में पाया. पूछताछ किए जाने पर चिकित्सक अपने सरकारी आवास में चले गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया.
घर में मिले शराब की बोतलें
स्थिति को गंभीर देखते हुए सिविल सर्जन ने तत्काल जिला प्रशासन, पुलिस तथा उत्पाद विभाग को इसकी सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और चिकित्सक के आवास की तलाशी ली. तलाशी के दौरान टीम को एक भरी हुई तथा एक आधी खाली शराब की बोतल बरामद हुई. इसके बाद चिकित्सक का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि होने की बात कही गई. पुष्टि के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस और उत्पाद विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं.
विभागीय कार्रवाई की तैयारी
सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना चिकित्सकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है. ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में पाया जाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह गंभीर अनुशासनहीनता भी है. उन्होंने बताया कि मामले की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी. स्वास्थ्य विभाग भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है.
यह भी पढ़ेंः अजीब मुश्किल में बिहार के मंत्री अशोक चौधरी, पुराना PA नहीं दे रहा X और ईमेल का पासवर्ड, थाने पहुंचा मामला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं