राजस्थान में नगर निकाय चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है. प्रत्याशी और राजनीतिक दल मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए लगातार जनसंपर्क और चुनावी सभाएं कर रहे हैं. इसी बीच चौमूं से भाजपा के पूर्व विधायक रामलाल शर्मा का एक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बयान में वह शादी का जिक्र करते हुए भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील करते नजर आ रहे हैं. दरअसल, चौमूं नगर परिषद के वार्ड नंबर 20 से भाजपा प्रत्याशी राजकुमार बराला के चुनावी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामलाल शर्मा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित कर रहे थे.
"एक भी लड़का कुंवारा नहीं रहेगा"
रामलाल शर्मा ने कहा, "एक बार राजकुमार बराला को जिता दो, आपके किसी भी काम में कोई कमी नहीं आएगी." इसी संबोधन के दौरान उन्होंने शादी को लेकर भी टिप्पणी की. रामलाल शर्मा ने कहा, "आपका एक भी लड़का कुंवारा नहीं रहेगा." पूर्व विधायक का यह बयान अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,और चुनावी माहौल में चर्चा का विषय बना हुआ है.
वोट के लिए क्या क्या कर रहे हैं माननीय !
— ANJANI KUMAR SHARMA (@JRAnjaniSharma) September 5, 2026
'कोई कुंवारा नहीं रहेगा
एक बार बराला को जिता दो'
कोई कुंवारा नहीं रहेगा, राजस्थान में निकाय चुनाव के बीच BJP के पूर्व विधायक रामलाल शर्मा का बयान वायरल@ramlalsharmabjp pic.twitter.com/JnaQkN8PXJ
43 साल के युवक ने मांगी थी शादी में मदद
रामलाल शर्मा का यह बयान इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि पिछले साल चौमूं क्षेत्र के एक 43 वर्षीय अविवाहित युवक ने उनसे शादी करवाने की गुहार लगाई थी. जानकारी के अनुसार, चौमूं के चितवाड़ी निवासी कैलाश शर्मा ने पूर्व विधायक को पत्र लिखकर अपनी शादी नहीं होने की समस्या बताई थी. कैलाश शर्मा ने पत्र में कहा था कि उन्होंने सोशल मीडिया पर रामलाल शर्मा का एक बयान देखा था, जिसमें 40 वर्ष की उम्र वाले अविवाहित युवाओं की शादी करवाने की बात कही गई थी.
43 साल के शख्स ने शादी की अपील की थी
युवक ने बताया था कि उसकी उम्र 43 वर्ष हो चुकी है, लेकिन अभी तक उसकी शादी नहीं हुई है. ऐसे में उसने पूर्व विधायक से उसकी शादी करवाने में मदद करने की अपील की थी. अब निकाय चुनाव के बीच रामलाल शर्मा का ‘एक भी लड़का कुंवारा नहीं रहेगा' वाला बयान सामने आने के बाद इसे पिछले साल के इसी मामले से जोड़कर देखा जा रहा है.
निकाय चुनाव के बीच रामलाल शर्मा का यह बयान अब राजनीतिक चर्चा का हिस्सा बन गया है. एक तरफ भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में दिया गया उनका बयान कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा में है, तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर लोग इसे उनके पिछले साल के उस बयान और 43 वर्षीय युवक की शादी की गुहार से जोड़कर देख रहे हैं.
यह भी पढ़ें: नगर निकाय चुनाव: 77 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित, BJP 44 , कांग्रेस 16 और 17 निर्दलीय विजयी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं