कोटा शहर के लोगों को जल्द ही आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की सौगात मिलने जा रही है. प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत कोटा में ई-बसों के संचालन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं. शहर की सड़कों पर अब जल्द ही इलेक्ट्रिक बसें दौड़ती नजर आएंगी. ई-बसों के संचालन के लिए सुभाष नगर स्थित बस डिपो का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. डिपो में बसों को चार्ज करने के लिए हाई-कैपेसिटी चार्जिंग मशीनें स्थापित कर दी गई हैं. इसके साथ ही प्रशासनिक भवन, जीएसएस और बसों के मेंटेनेंस के लिए सेक्शन भी तैयार किए जा चुके हैं.
पहले चरण में 20 रूट
कोटा बस सर्विसेज लिमिटेड की ओर से पहले चरण में 20 ई-बसों का संचालन किया जाएगा. इन बसों को शहर के 20 प्रमुख रूटों पर चलाने की तैयारी है. इसके बाद जरूरत के अनुसार संचालन का विस्तार किया जाएगा. ई-बसों के संचालन से शहर में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक बनाने के साथ यात्रियों को बेहतर और सुविधाजनक परिवहन विकल्प मिलने की उम्मीद है.
ग्रामीण इलाकों को भी जोड़ने की योजना
ई-बसों का संचालन सिर्फ कोटा शहर तक सीमित नहीं रहेगा. आसपास के ग्रामीण इलाकों को भी इस सेवा से जोड़ने की योजना है. इससे शहर के साथ आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी बेहतर सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सकेगी. ई-बसों का संचालन शुरू होने के बाद चरणबद्ध तरीके से पुरानी डीजल बसों को हटाने का निर्णय लिया जाएगा.
ई-बस के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी
इससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को ज्यादा आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी. नगर निगम अधिकारियों के अनुसार ई-बसों के संचालन को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है. अब बसों के संचालन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है. तैयारियां पूरी होने के बाद जल्द ही कोटा की सड़कों पर ई-बसों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है.
ई-बसों की सबसे बड़ी खासियत यह है कि ये इलेक्ट्रिक ऊर्जा से संचालित होंगी. डीजल बसों की तुलना में इनसे प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी. ऐसे में कोटा जैसे तेजी से बढ़ते शहर में ई-बस सेवा को स्वच्छ और हरित परिवहन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत कोटा में इस प्रोजेक्ट की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी प्रोजेक्ट की प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं. ऐसे में अब कोटा वासियों को जल्द ही शहर की सड़कों पर आधुनिक ई-बसों की सौगात मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढे़ं- जिस मशहूर झील से निकलता है नमक, उसमें आर्टिफिशियल टापू पर बनेगा टूरिस्ट स्पॉट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं