कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में नाबालिग कोचिंग छात्रा से छेड़छाड़ और किडनैप की कोशिश का मामला सामने आया है. आरोप है कि कार सवार युवकों ने छात्रा का हाथ पकड़कर उसे कार में बैठाने की कोशिश की, लेकिन छात्रा हाथ छुड़ाकर भाग निकली. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपी को हिरास में ले लिया.
पीछा कर रहे थे आरोपी
छात्रा की मां के मुताबिक, पिछले 4-5 दिनों से एक युवक कार से बेटी का पीछा कर रहा था. 7 सितंबर को छात्रा ने कार का नंबर नोट किया. कुछ दूर आगे युवक ने उसका हाथ पकड़कर कार में खींचने का प्रयास किया, लेकिन वह बचकर घर पहुंची. घटना के बाद छात्रा इतनी डर गई कि अगले दिन कोचिंग ड्रेस के ऊपर पिता के कपड़े पहनकर कोचिंग गई.
काली थार में बैठे थे आरोपी
परिजन जब उसे लेने पहुंचे तो वहां काली थार खड़ी मिली. परिजनों के मुताबिक, उसमें वही युवक बैठे थे. रोकने की कोशिश पर चालक तेज रफ्तार से कार लेकर फरार हो गया. बोरखेड़ा थाना अधिकारी अजीत बागड़ोलिया ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है.
सीसीटीवी फुटेज की जांच
सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर संदिग्धों की पहचान और मामले की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज से कार के एक कॉलोनी में खड़े होने की जानकारी मिली. 9 सितंबर को कुछ लोग कार को पकड़ने पहुंचे तो चालक ने कार लोगों पर चढ़ाने की कोशिश की और फरार हो गया.
पुलिस ने किया डिटेन
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर और परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर मामले की जांच शुरू की. पुलिस में आरोपी की पहचान कर ली है, और आरोपी को डिटेन भी कर लिया गया है, फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में जांच पड़ताल कर रही है. जल्दी आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर भी पुलिस जानकारी साझा करेगी.
यह भी पढ़ें: मर्सिडीज में आए बदमाशों ने युवक का किया अपहरण, भागते समय नाले में गिरी कार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं