विज्ञापन

पत्‍नी और 3 बेटियों की हत्‍या के म‍िले क्‍लू, शेयर मार्केट में घाटे के बाद प्लॉट बेचने को लेकर विवाद

घर में चार लाशें थीं और आरोपी सुबह नहाकर चाय पी, इसके बाद फरार हो गया. शुरुआती जांच में पुल‍िस को कुछ क्‍लू म‍िले हैं.  

हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई.
फाइल फोटो

जयपुर के करधनी थाना इलाके में घर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वारदात की भयावह तस्वीर सामने आ रही है.  पुलिस को मौके से ऐसे अहम सुराग मिले हैं, जो हत्या से पहले पति-पत्नी के बीच संघर्ष की ओर इशारा कर रहे हैं.  पत्नी गीता के हाथ में कुछ बाल मिले हैं, जिन्हें पुलिस राहुल के बाल होने की आशंका जता रही है.  हालांकि इसकी पुष्टि जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही होगी. 

मौके के हालात से पुलिस को अंदेशा है कि वारदात के दौरान राहुल और उसकी पत्नी गीता के बीच हाथापाई हुई थी.  गीता का शव ऊपर के फ्लोर स्थित कमरे में मिला.  वहीं ग्राउंड फ्लोर के दो कमरों में तीनों बेटियों के शव मिले. 

बेड पर छोटी बेटी की लाश मिली 

एक कमरे में सबसे छोटी बेटी गौरी का शव बेड पर मिला, जबकि दूसरे कमरे में नंदिनी और राधिका के शव मिले.  एक बेटी सोफे पर सो रही थी.  आशंका है कि करीब 10 किलो वजनी सीमेंट ब्रिक से उसके सिर पर वार किया गया, जिससे वह नीचे गिर गई और सोफा भी टूट गया.  इसके बाद उसके सिर पर दोबारा वार किए जाने की बात सामने आई है. 

चार शव घर में थे, पिता को चाय पिलाकर निकल गया

वारदात के बाद राहुल ने कथित तौर पर खून से सने कपड़े उतारे और नहाया.  इसके बाद सुबह करीब 7 बजे दूध वाले से दूध लिया और घर में चाय बनाई.  उसने अपने बुजुर्ग पिता लक्ष्मीदास झा को भी चाय पिलाई और खुद भी चाय पी.  उस वक्त घर में चार शव पड़े थे, लेकिन बुजुर्ग पिता को इसकी भनक तक नहीं लगने दी गई. लक्ष्मीदास को कम सुनाई देता है.  यही वजह रही कि घर में बहू और तीनों पोतियों की चीख-पुकार भी वे नहीं सुन सके.  जब तक उन्हें कुछ समझ आता, परिवार उजड़ चुका था.  बदहवास बुजुर्ग अपने दर्द को शब्दों में भी बयां नहीं कर पा रहे थे. 

ृप्लॉट बेचने को लेकर विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि राहुल को शेयर मार्केट में नुकसान हुआ था.  इसके बाद वह प्लॉट बेचने की बात कर रहा था, लेकिन पत्नी गीता इसके लिए तैयार नहीं थी.  इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद होने की बात सामने आई है.  पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विवाद हत्या तक कैसे पहुंचा. 

राहुल और उसका परिवार 2021 से इसी घर में रह रहा था.  उसके बड़े भाई संजय परिवार के साथ झोटवाड़ा में रहते हैं.  पड़ोसियों के अनुसार राहुल का कॉलोनी के लोगों से ज्यादा मेलजोल नहीं था, जबकि तीनों बेटियां हंसमुख स्वभाव की थीं.  

6 सितंबर को गुजरात गया था राहुल

जांच में यह भी सामने आया है कि राहुल 6 सितंबर को गुजरात गया था और करीब तीन दिन वहां रुका था.  पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गुजरात में वह किन लोगों से मिला और वहां जाने की वजह क्या थी. राहुल की तलाश के लिए कमिश्नर सचिन मित्तल ने एसीपी शिव भारद्वाज और एसएचओ सवाई सिंह के नेतृत्व में एक दर्जन से अधिक टीमें गठित की हैं.  टीमें घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं और संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं.  देर रात तक राहुल का कोई सुराग नहीं मिल पाया था. 

फिलहाल पत्नी के हाथ में मिले बाल पुलिस जांच का अहम सुराग बने हुए हैं.  फोरेंसिक जांच से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि ये बाल राहुल के ही हैं या नहीं और वारदात के दौरान दोनों के बीच किस तरह का संघर्ष हुआ था. 

यह भी पढ़ें: ससंद हमले में रीढ़ टूटी, 22 साल से ब‍िस्‍तर पर पूर्व NSG कमांडो; वोट देने पहुंचे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Rajasthan News, Dead Body, Jaipur Murder Case, Share Market News, Tea
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com