कई सालों की मेहनत के बाद सैलरी पैकेज 50 लाख रुपये तक पहुंचता है. ऐसा ही गुरुग्राम की रहने वालीं अक्षिता जैन के साथ भी हुआ, जिन्होंने IIM बेंगलुरु से पढ़ाई के बाद कई बड़ी कंपनियों में नौकरी की और तब जाकर उनका पैकेज 50 लाख रुपये हुआ. हालांकि करियर के इस पड़ाव पर आते ही उन्होंने सांसारिक जीवन त्यागकर साध्वी बनने का फैसला ले लिया. उनकी सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है. अक्षिता के अलावा उनकी मां शिरोमणि ने भी संन्यास लेने का फैसला लिया है. साध्वी बनने के बाद जोधपुर में उनका वरघोड़ा निकाला गया.
इंडियन ऑयल में अफसर थीं मां
अक्षिता जैन की मां शिरोमणि 61 साल की हैं और वो इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) में चीफ मैनेजर रह चुकी हैं. इस पद से हाल ही में उन्होंने रिटायरमेंट लिया था. उनकी बेटी फॉक्सवैगन कंपनी में मैनेजर के तौर पर काम कर रही थीं. उनकी उम्र अभी महज 37 साल है. फिलहाल मां और बेटी ने अपनी तमाम संपत्ति और कमाई को छोड़कर संन्यास लेने का फैसला किया है.
IIM से पढ़ाई और बड़ी कंपनियों में नौकरी
अक्षिता जैन का करियर काफी शानदार रहा था. उन्होंने IIM बेंगलुरु से MBA किया था, जिसके बाद उन्होंने फिएट और मर्सडीज बेंज जैसी बड़ी कंपनियों में काम किया. 12 साल के करियर के बाद उनकी सैलरी काफी अच्छी हो गई थी. हालांकि इस दौरान उनका झुकाव आध्यात्म की तरफ बढ़ने लगा और आखिर में अपनी मां के साथ उन्होंने ये सब त्यागने का फैसला लिया.
संन्यास लेने पर क्या बोलीं अक्षिता?
अपने इस फैसले को लेकर अक्षिता ने कहा, जो मैं कर रही थी उसमें सुख नहीं दिखा. इस रास्ते में कष्ट हैं, लेकिन दोनों चीजों को कंपेयर नहीं कर सकते हैं. मुझे पाप और सूक्ष्म जीवों की विराधना नहीं करनी है. मैंने साइकोलॉजी पढ़ी है, जब मैं काम कर रही थी तो मैंने कई लोगों से बात की, मैंने ये सीखा कि जैन धर्म और साइकोलॉजी एक साथ चलते हैं. जैन धर्म ये कहता है कि आप और आपके कर्म ही हैं, साइकोलॉजी भी यही कहती है. अक्षिता ने बताया कि ये फैसला लेने में उन्हें तीन से चार साल लगे.
जोधपुर में निकला वरघोड़ा
जैन परंपरा में साधु-संतों का वरघोड़ा निकाला जाता है. ये एक भव्य यात्रा होती है, जिसमें तमाम लोग शामिल होते हैं. जब भी कोई सांसारिक सुखों को त्यागकर जैन दीक्षा लेता है तो उसके सम्मान में ये यात्रा निकाली जाती है. अक्षिता जैन और उनकी मां के लिए भी जोधपुर में वरघोड़ा निकाला गया. इसमें जैन समाज के तमाम लोग और साधु-संत शामिल हुए.
फरवरी में लेंगीं दीक्षा
अक्षिता जैन और उनकी मां वरघोड़ा निकाले जाने के बाद अब 25 फरवरी 2027 को चेन्नई में दीक्षा लेंगीं. इसके बाद उनकी पहचान जैन साध्वी के तौर पर होगी. दीक्षा लेने के बाद भी उनका सम्मान किया जाएगा. फिलहाल जैन समाज से लेकर तमाम जगह मां और बेटी की चर्चा हो रही है, जिन्होंने इतना बड़ा कदम उठाया है.
यह भी पढ़ें | एक साथ भर्ती हुए अग्निवीर हो जाएंगे सीनियर-जूनियर, क्या सैलरी पर भी पड़ेगा असर?
यह भी पढ़ें | राजस्थान के दो भाइयों ने एक साथ क्रैक किया UPSC, IPS पंकज कुमावत और अमित कुमावत की कहानी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं