जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में प्लास्टिक के बोरे में मिले एक व्यक्ति के अधजले शव के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है. जयपुर पुलिस ने 12 घंटे के अंदर ही सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस हत्या में महिला और उसके नाबालिग बेटे का हाथ होने का पता लगाया. पुलिस ने राजधानी जयपुर में बोरे में अधजली लाश मिलने की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल टीम गठित की थी. पुलिस ने महिला को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया जबकि उसके नाबालिग बेटे को साक्ष्य मिटाने के आरोप में निरुद्ध किया गया है. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी 35 वर्षीय शेख साहन के रूप में हुई, जो जयपुर में रह रहा था.
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि 2 अप्रैल को करधनी थाना क्षेत्र के शिवनगर बाइपास के पास एक बोरे में शव मिलने की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि शव को बुरी तरह जलाकर पहचान मिटाने की कोशिश की गई थी. शव का कुछ हिस्सा बोरे के अंदर और कुछ बाहर था, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा था. घटना की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई थी. साथ ही डॉग स्क्वॉड, एफएसएल और अन्य तकनीकी टीमों की मदद से साक्ष्य जुटाए गए. इसके अलावा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई.

मृतक की पत्नी ने पूछताछ में अपना अपराध कुबूल कर लिया है
Photo Credit: NDTV
रात 3 बजे ठेले पर शव को फेंका
जांच के दौरान सामने आया कि एक महिला और एक किशोर रात करीब 3 बजे साइकिल रिक्शा में शव को बोरे में डालकर घटनास्थल पर फेंकने आए थे. इसके बाद पुलिस टीम ने फुटेज के आधार पर संदिग्धों का पीछा करते हुए मृतक की पहचान की.
जांच में सामने आया कि वह अक्सर शराब के नशे में पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था. पूछताछ में आरोपी पत्नी मौसमी ने कबूल किया कि पति की रोजाना मारपीट से तंग आकर उसने 2 अप्रैल की रात हथौड़े से सिर पर वार कर और रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी.
इसके बाद बेटे के साथ मिलकर शव को बोरे में डालकर सुनसान जगह पर फेंक दिया और पहचान छिपाने के लिए पेट्रोल डालकर जला दिया. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और नाबालिग बेटे को निरुद्ध किया गया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें-: Honor Killing: लड़की अपने ही रिश्तेदार लड़के के साथ रिलेशनशिप में थी, हत्या के बाद शव दफनाने जा रहा परिवार पकड़ा गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं