विज्ञापन

बीजेपी की चूक से कांग्रेस को नगर निकाय चुनाव में पहले ही मिल गई जीत, दौसा में ऐसे पलट गया खेल

दौसा नगर परिषद के चुनाव में कांग्रेस को हैरान कर देने वाली मिली जीत को बीजेपी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.

बीजेपी की चूक से कांग्रेस को नगर निकाय चुनाव में पहले ही मिल गई जीत, दौसा में ऐसे पलट गया खेल
कांग्रेस प्रत्याशी यास्मीन बानो का मुकाबला चार उम्मीदवारों से था
NDTV

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव में दौसा में कांग्रेस को एक हैरान करनेवाली जीत मिल गई है. वहां नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस ने चुनाव से पहले ही अपना खाता खोल लिया है. वार्ड नंबर 26 में भाजपा की ओर से प्रत्याशी का नामांकन दाखिल नहीं हो पाने के बाद चुनावी मुकाबले का पूरा समीकरण बदल गया. कांग्रेस ने इस मौके का फायदा उठाते हुए अपनी रणनीति को तेजी से आगे बढ़ाया और आखिरकार वार्ड अपने नाम कर लिया. कांग्रेस प्रत्याशी यास्मीन बानो के सामने तीन निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में थे. नाम वापसी के अंतिम दिन तीनों निर्दलीय प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस ले लिए. इसके बाद वार्ड में कांग्रेस प्रत्याशी के सामने कोई उम्मीदवार नहीं बचा. ऐसे में यास्मीन बानो को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया. 

विधायक दीनदयाल बैरवा की रणनीति रही अहम

इस पूरे घटनाक्रम में दौसा विधायक दीनदयाल बैरवा की भूमिका भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. कांग्रेस की ओर से निर्दलीय प्रत्याशियों से समझाइश कर उन्हें नामांकन वापस लेने के लिए राजी किया गया. तीनों प्रत्याशियों के मैदान से हटने के बाद कांग्रेस की जीत का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया. 

पिछली बार भी पार्षद रह चुकी हैं यास्मीन

निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद यास्मीन बानो ने कहा कि जनप्रतिनिधि बनने के बाद भी जनता के बीच कार्यकर्ता की तरह रहकर काम करना चाहिए. उन्होंने विधायक दीनदयाल बेरवा सहित उन निर्दलीय प्रत्याशियों का आभार जताया जिन्होंने अपने नामांकन वापस लिए. यास्मीन ने बताया कि वह पिछली बार भी पार्षद रह चुकी हैं और उस दौरान वार्ड में कार्यकर्ता की भावना से काम किया था. उन्होंने कहा कि आगे भी इसी सोच के साथ जनता की सेवा करेंगी. 

कांग्रेस में उत्साह, भाजपा को झटका 

वार्ड 26 में बिना मतदान के मिली जीत से कांग्रेस खेमे में उत्साह का माहौल है. वहीं भाजपा के लिए चुनाव की शुरुआत में ही यह बड़ा झटका माना जा रहा है. प्रत्याशी का नामांकन दाखिल नहीं हो पाना पार्टी की चुनावी तैयारियों पर सवाल खड़े कर रहा है. नगर परिषद के बाकी वार्डों में मुकाबला मतदान के बाद तय होगा. 

लेकिन वार्ड 26 का घटनाक्रम यह जरूर बता गया है कि चुनावी मैदान में छोटी सी चूक भी पूरे राजनीतिक समीकरण को बदल सकती है. भाजपा की एक चूक ने कांग्रेस को नगर परिषद चुनाव की पहली जीत बिना मतदान के ही दिला दी.

ये भी पढ़ें-: बीजेपी प्रत्याशी का नहीं मिला सुराग तो धरने पर बैठ गई कांग्रेस प्रत्याशी, दो दिन से हैं लापता

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Dausa News, Rajasthan News, Rajasthan Nagar Nikay Chunav, Rajasthan Nagar Nikay Chunav 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com