विज्ञापन
This Article is From Apr 24, 2017

सुकमा हमला : '300 के करीब थी नक्सलियों की संख्या, महिला हमलावर भी थीं शामिल'

सुकमा हमला : '300 के करीब थी नक्सलियों की संख्या, महिला हमलावर भी थीं शामिल'
  • बुरकापाल से चिंतागुफा के बीच बन रही सड़क की सुरक्षा के लिए गए थे जवान
  • नक्सलियों ने बुरकापाल से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर किया हमला
  • आधुनिक हथियारों से लैस थे नक्सली
रायपुर: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों द्वारा किए गए भीषण हमले में सीआरपीएफ के दो दर्जन से अधिक जवान शहीद हो गए. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चिंतागुफा थाना क्षेत्र में सीआरपीएफ के 74वीं बटालियन की दो कंपनियों को बुरकापाल से चिंतागुफा के मध्य बन रही सड़क की सुरक्षा में रवाना किया गया था. यह दल जब बुरकापाल से लगभग डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर था, तभी नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी.

हमले में घायल जवान शेर मोहम्मद ने बताया कि करीब 300 नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी, जिनमें महिला नक्सली भी शामिल थीं. इसके बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की. नक्सली आधुनिक हथियारों से लैस थे. घायल जवान ने बताया कि सुरक्षा बल ने नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दिया और उन्होंने दावा किया कि इस मुठभेड़ के दौरान लगभग एक दर्जन नक्सली भी मारे गए हैं.

राज्य के पुलिस महानिदेशक एएन उपाध्याय ने बताया कि सुबह जवानों को गश्त के लिए रवाना किया गया था. दल में लगभग 100 जवान थे. यह दल जब 12 बजे बुरकापाल के करीब था तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षा बल के जवानों ने भी कार्रवाई की. दोनों ओर से लगभग तीन घंटे तक गोलीबारी हुई.

उपाध्याय ने बताया कि पुलिस दल की कोशिश थी कि घायल जवानों को वहां से जल्द बाहर निकाला जाए जिससे उनकी जान बचाई जा सके. क्षेत्र में अभी भी खोजी अभियान जारी है. राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री रमन सिंह दिल्ली से रायपुर पहुंच गए हैं तथा वह राज्य के उच्च अधिकारियों की बैठक लेंगे तथा स्थिति की समीक्षा करेंगे. गौरतलब है कि इस वर्ष 11 मार्च को नक्सलियों ने सुकमा जिले में ही घात लगाकर हमला कर दिया था. इस हमले में सीआरपीएफ के 12 जवान शहीद हो गए थे तथा तीन अन्य घायल हुए थे.
(इनपुट भाषा से)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sukma Attack, Chattisgarh Maoist Attack, CRPF Jawan Killed
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com