विज्ञापन

केंद्र की किसान योजनाएं पंजाब में लागू ही नहीं कर रही मान सरकार...बोले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर केंद्र की योजनाओं को सही तरीके से लागू नहीं करने का आरोप लगाया है.

केंद्र की किसान योजनाएं पंजाब में लागू ही नहीं कर रही मान सरकार...बोले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान
फसल बीमा योजना को लेकर शिवराज का पंजाब सरकार पर निशाना
NDTV
  • शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब सरकार पर केंद्र की योजनाओं को राज्य में ठीक से लागू न करने का आरोप लगाया
  • उन्होंने PM फसल बीमा योजना में पंजाब सरकार के शामिल न होने की वजह से किसानों को लाभ न मिलने की बात कही
  • उन्होंने तरनतारन में किसान चौपाल में पराली प्रबंधन और बेलर मशीनों की सब्सिडी से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की

पंजाब में होने वाले विधान सभा चुनावों से पहले बीजेपी-अकाली दल गठजोड़ ने पंजाब की AAP सरकार पर हमला तेज कर दिया है. बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब सरकार पर केंद्र सरकार की योजनाओं को ठीक से लागू नहीं करने का आरोप लगाया है.  

एनडीटीवी से एक्सक्लूसिव बातचीत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "दुख की बात है कि पंजाब सरकार ने भारत सरकार की योजनाओं को ठीक से राज्य में लागू ही नहीं किया है. ऐसी अनेकों योजनाएं हैं जिनको हम लागू करने की कोशिश करते हैं लेकिन पंजाब सरकार कोई पहल नहीं करती". 

केंद्रीय कृषि और ग्रामीण विकास मंत्री ने मंगलवार को खेत बचाओ अभियान के तहत पंजाब के कई इलाकों का दौरा करने के बाद ये दावा किया है.  

शिवराज सिंह ने कहा, "पंजाब की सरकार ने भारत सरकार की योजना - प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लागू नहीं किया है. इस योजना के तहत अगर फसल का नुकसान होता है तो किसानों को सरकारी राहत दी जाती है. उदाहरण के लिए पिछले साल बाढ़ के दौरान पंजाब में किसानों को बहुत नुकसान हुआ था. मैंने उससे पहले भी पंजाब के मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखी थी और भगवंत मान से कहा था कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में पंजाब सरकार को शामिल होना चाहिए जिससे कि किसानों के नुकसान की भरपाई हो सके. लेकिन उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पंजाब को सम्मिलित किया ही नहीं, जिसकी वजह से पंजाब के किसानों को लाभ नहीं मिल सका."

उनका आरोप है कि ऐसी अनेकों भारत सरकार की योजनाएं हैं जिनको हम पंजाब में लागू करने की कोशिश करते हैं लेकिन पंजाब की सरकार अपनी तरफ से कोई पहल नहीं करती. इसकी वजह से पंजाब के किसानों को इसका फायदा नहीं मिल पा रहा है.

बुधवार को शिवराज सिंह चौहान ने पंजाब के तरनतारन जिले के गांव ग्राम 'बूह हवेलियां' में आयोजित 'किसान चौपाल' में किसानों के साथ पराली और दूसरे मसलों पर लम्बा संवाद किया था. संवाद के दौरान किसानों ने पराली प्रबंधन में आ रही व्यावहारिक दिक्कतें और बेलर मशीनों की सब्सिडी से जुड़ा मुद्दा भी उठा था.

कृषि मंत्रालय के मुताबिक, "सब्सिडी पर मिलने वाली मशीनों की शिकायत पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि भारत सरकार सीआरएम (फसल अवशेष प्रबंधन) के लिए इस वर्ष भी लगभग 286 करोड़ रुपये जैसी बड़ी राशि राज्य सरकार को दे रही है. केंद्र सरकार पैसा देती है, मशीनें खरीदने और गुणवत्ता जांचने की जिम्मेदारी राज्य शासन की है. राज्य सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसानों को अच्छी गुणवत्ता की मशीनें मिलें और खराब होने पर उनकी मरम्मत की पुख्ता व्यवस्था हो."

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Shivraj Singh Chahoun, Shivraj Singh Chaouhan, Bhagwant Mann, Bhagwant Mann AAP
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com