पंजाब में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के फिर से साथ आने पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने तीखा हमला बोला है. मान ने इस गठबंधन को 'ठगबंधन' बताया है. उन्होंने कहा कि यह पंजाब को बचाने के लिए नहीं, बल्कि अपनी सियासी जमीन और परिवारों की राजनीति बचाने के लिए किया गया समझौता है. उन्होंने आरोप लगाया कि जिन नेताओं ने सालों तक एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए, आज वही सत्ता के लिए एक मंच पर खड़े दिखाई दे रहे हैं.
चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि बीजेपी और अकाली दल लंबे समय तक एक-दूसरे के खिलाफ बोलते रहे, लेकिन अब फिर साथ आ गए हैं. उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सब कुछ देख और समझ रही है और अब उसे गुमराह करना आसान नहीं है.
'किसान आंदोलन में भी अकाली दल माहौल देखकर रुख बदला'
मान ने कृषि कानूनों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब केंद्र सरकार तीन कृषि कानून लेकर आई थी तब अकाली दल के नेता और पूरा बादल परिवार इन कानूनों की तारीफ कर रहा था. बाद में जब किसान आंदोलन को देश-दुनिया से समर्थन मिलने लगा और पंजाब में राजनीतिक माहौल बदलने लगा तो अकाली दल ने अपना रुख बदल लिया. उन्होंने कहा कि उस समय जनता समझ गई थी कि यह सब राजनीतिक मजबूरी का खेल है.
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि यही बीजेपी पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ की व्यवस्था बदलने की बात करती रही, चंडीगढ़ को लेकर पंजाब के हितों के खिलाफ फैसले लेने की कोशिश करती रही और भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) जैसे मुद्दों पर भी पंजाब के अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश करती रही. ऐसे में अकाली दल किस चेहरे से उसी पार्टी के साथ दोबारा गठबंधन कर रहा है, यह पंजाब की जनता पूछ रही है.
सीएम मान ने और क्या आरोप लगाए?
भगवंत मान ने आरोप लगाया कि अकाली दल के नेताओं ने पहले खुद बीजेपी और आरएसएस पर सिख संस्थाओं में हस्तक्षेप करने तथा विभिन्न गुरुद्वारा समितियों पर प्रभाव बढ़ाने के आरोप लगाए थे. उन्होंने कहा कि जब इतने गंभीर आरोप लगाए गए थे तो अब वही लोग उसी पार्टी के साथ राजनीतिक साझेदारी कैसे कर सकते हैं.
मुख्यमंत्री ने 2007 से 2017 तक पंजाब में रही अकाली दल-बीजेपी सरकार का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इसी दौर में पंजाब में नशे का मुद्दा गंभीर हुआ और 2015 की बेअदबी की घटनाएं भी इसी शासनकाल में हुईं. उन्होंने सवाल किया कि जो दल 10 साल तक सत्ता में रहे, वे आज पंजाब को बचाने का दावा किस आधार पर कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: बड़ा भाई तो अकाली ही रहेगा, अमित शाह का पंजाब CM फेस पर बड़ा ऐलान, गठबंधन में 3 बार जीता चुनाव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं