- पंजाब के गांव सैदोलेहल में महिला सरपंच अमरजीत कौर से दिन में सोने की बालियां झपटकर दो बाइक सवार बदमाश फरार हुए
- बदमाशों ने बहाने से सरपंच का ध्यान भटकाया और झपट्टा मारकर कानों से सोने की बालियां छीन लीं
- घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें दो संदिग्ध युवक वारदात के बाद मोटरसाइकिल से भागते दिखे
पंजाब के गांव सैदोलेहल में बेखौफ बदमाशों द्वारा दिन-दहाड़े एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है. गांव की मौजूदा महिला सरपंच अमरजीत कौर के कानों से अज्ञात बाइक सवार लुटेरे सोने की बालियां झपटकर मौके से फरार हो गए. पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है.
बाइक से आए थे बदमाश
पीड़ित महिला सरपंच अमरजीत कौर ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह अपने घर के अंदर मौजूद थीं और उनकी पोती बाहर एक्टिवा धो रही थी. इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक उनके घर के बाहर आए. युवकों ने उनकी पोती से सरपंच को बाहर बुलाने के लिए कहा. जब अमरजीत कौर घर से बाहर आईं, तो एक युवक दरवाजे के पास खड़ा था, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल स्टार्ट करके तैयार बैठा था. बदमाशों ने किसी का पता पूछने और मुर्गों से संबंधित बातचीत करने के बहाने सरपंच को बातों में उलझा लिया.
झपट्टा मारकर छीन ले सोने की बालियां
इसी दौरान जैसे ही सरपंच का ध्यान भटका, एक युवक ने अचानक झपट्टा मारकर उनके दोनों कानों से सोने की बालियां नोच लीं. वारदात के बाद अमरजीत कौर ने बदमाशों को पकड़ने और रोकने की पूरी कोशिश की. धक्का-मुक्की और खींचातानी के दौरान वह रास्ते में जमीन पर गिर पड़ीं. इसके बाद दोनों बदमाश तेजी से मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया. पीड़िता के बयानों के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा नंबर 113 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
जांच अधिकारी के अनुसार इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. शुरुआती जांच में दो संदिग्ध युवक सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे हैं, जो वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होते नजर आ रहे हैं. पुलिस द्वारा संदिग्ध युवकों के हुलिए और मोटरसाइकिल की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए जांच तेज कर दी गई है. उधर, पीड़ित महिला सरपंच और स्थानीय ग्रामीणों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्याय दिलाने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: जमुई जैसा कांड अब समस्तीपुर में भी, लड़की से सरेराह छेड़खानी; हाथ मरोड़ा, गालियां दी, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं