पंजाब के रूपनगर जिला के मोरिंडा से एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां आवारा कुत्तों के आतंक ने एक 8 साल की मासूम बच्ची की जान ले ली. यह दर्दनाक घटना बुधवार दोपहर करीब 3 बजे की है. पूरी वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और नागरिक सुरक्षा के दावों की पोल खोल कर रख दी है.
दूध लेने निकली थी मासूम
बच्ची का परिवार मूल रूप से प्रवासी है और पिछले चार साल से मोरिंडा के वार्ड नंबर 1 में रह रहा था. बुधवार दोपहर को बच्ची घर के पास के बाजार से दूध खरीदने के लिए निकली थी. दोपहर की तेज धूप और गर्मी के कारण उस समय सड़कें पूरी तरह सुनसान थीं, जिसका फायदा उठाकर करीब छह आवारा कुत्तों के एक झुंड ने उस पर हमला कर दिया.
CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि रास्ते में कुत्तों को देखकर बच्ची डर गई थी. जब कुत्तों ने उस पर भौंकना शुरू किया, तो वह अपनी जान बचाने के लिए वापस भागी. लेकिन कुत्तों के झुंड ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया. भागते समय एक कुत्ते ने उस पर झपट्टा मारा, जिससे बच्ची सड़क पर गिर गई. इसके बाद सभी कुत्तों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया. बच्ची दर्द से चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन दोपहर के सन्नाटे के कारण काफी देर तक उसे कोई बचाने नहीं आ सका.
इस दिल दहला देने वाली घटना ने क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या और स्थानीय नगर कौंसिल की लापरवाही को उजागर किया है. स्थानीय निवासियों में प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा है.
यह भी पढ़ें- IAS लव स्टोरी: 1300 KM दूर से आया UPSC वाला प्यार! सरकार ने एक ही जिले में दे दी पोस्टिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं