विज्ञापन

पंजाब में नशे के खिलाफ मैदान में उतरेगी बीजेपी, 18 सितंबर से शुरू होगी 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा'

पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर बीजेपी का 13 दिन तक चलने वाला यह अभियान 30 सितंबर को जालंधर में समाप्त होगा, जहां अमित शाह के शामिल होने की संभावना है.

पंजाब में नशे के खिलाफ मैदान में उतरेगी बीजेपी, 18 सितंबर से शुरू होगी 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा'
पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर बीजेपी बड़ा अभियान चला रही है.

पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी नशे के मुद्दे को लेकर बड़ा जन अभियान शुरू करने जा रही है. पार्टी 18 सितंबर से "नशा मुक्त पंजाब यात्रा" निकालेगी, जो 30 सितंबर तक चलेगी. यह यात्रा राज्य के विभिन्न जिलों से गुजरते हुए जालंधर में एक बड़े कार्यक्रम के साथ समाप्त होगी. सूत्रों के मुताबिक यात्रा की शुरुआत पठानकोट से होगी. पूरे अभियान के दौरान बीजेपी राज्यभर में नशे के खिलाफ माहौल बनाने और लोगों तक अपनी बात पहुंचाने की कोशिश करेगी.

समापन कार्यक्रम में अमित शाह के पहुंचने की संभावना

जानकारी के अनुसार बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन यात्रा को हरी झंडी दिखा सकते हैं. वहीं 30 सितंबर को जालंधर में होने वाले समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. यात्रा के दौरान राज्य में पांच बड़ी जनसभाएं आयोजित की जाएंगी. इसके जरिए पार्टी नशे के मुद्दे को चुनावी बहस के केंद्र में लाने की तैयारी कर रही है.

AAP सरकार को घेरने की रणनीति

बीजेपी का मानना है कि पंजाब में कानून-व्यवस्था और नशे की समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पहले से ही सवालों के घेरे में है. ऐसे में पार्टी इस मुद्दे को जनता के बीच प्रमुखता से उठाना चाहती है. यात्रा के दौरान बीजेपी एक "नशा-विरोधी आरोप पत्र" भी जारी करेगी. इसमें राज्य सरकार के खिलाफ नशे पर नियंत्रण के मोर्चे पर कथित विफलताओं को शामिल किया जाएगा. यह दस्तावेज अभियान के दौरान लोगों तक पहुंचाया जाएगा.

पीड़ित परिवार भी रखेंगे अपनी बात

बीजेपी इस अभियान को सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखना चाहती. यात्रा के दौरान उन परिवारों को भी मंच दिया जाएगा जिन्होंने नशे की वजह से अपने प्रियजनों को खोया है या जिनका परिवार इस समस्या से प्रभावित हुआ है. पार्टी का मानना है कि लोगों की वास्तविक कहानियां समाज पर ज्यादा प्रभाव डालेंगी और नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने में मदद करेंगी.

युवा, महिलाएं और सामाजिक संगठन भी जुड़ेंगे

इस अभियान में नशा मुक्ति के क्षेत्र में काम करने वाले एनजीओ, युवा क्लब, खेल संगठन, पुनर्वास केंद्र और गांव स्तर की समितियों को जोड़ने की तैयारी है. कई स्थानों पर नशे के खिलाफ शपथ कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. "नारी शक्ति" अभियान के तहत महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की भी योजना है. इसके अलावा बीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव का भी दौरा कर सकता है.

तीन करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य

बीजेपी ने इस अभियान के जरिए जनसभाओं, स्थानीय कार्यक्रमों और सोशल मीडिया के माध्यम से करीब तीन करोड़ लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है. पार्टी को उम्मीद है कि यह यात्रा 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उसके जनसंपर्क अभियान का महत्वपूर्ण आधार बनेगी.

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी ने पंजाब के लिए किस मिशन पर लगाया, सचिन पायलट ने बताया

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Punjab BJP, Amit Shah, Punjab Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com