विज्ञापन

राहुल गांधी ने पंजाब के लिए किस मिशन पर लगाया, सचिन पायलट ने बताया

सचिन पायलट ने AAP सरकार पर जनता की उम्मीदें तोड़ने का आरोप लगाया और उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस गांव-गांव जाकर सरकार की नाकामियां उजागर करेगी.

राहुल गांधी ने पंजाब के लिए किस मिशन पर लगाया, सचिन पायलट ने बताया
सचिन पायलट ने बताया कि पंजाब में राहुल गांधी होंगे कांग्रेस का चेहरा.
  • कांग्रेस आलाकमान ने सचिन पायलट को पंजाब का प्रभारी नियुक्त कर पंजाब कांग्रेस को एकजुट करने की जिम्मेदारी दी है
  • सचिन पायलट ने राहुल गांधी को पंजाब का चुनाव चेहरा बताते हुए जल्द उनका राज्य दौरा करने की योजना बताई है
  • पायलट ने आम आदमी पार्टी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने आम जनता की बजाय अपने नेताओं को प्रमोट किया है

कांग्रेस आलाकमान ने पिछले सप्ताह सचिन पायलट को पंजाब का प्रभारी नियुक्त किया था. बीते काफी समय से पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व के झगड़े को बतौर प्रभारी भूपेश बघेल नियंत्रित नहीं कर पा रहे थे. अब पायलट के सामने पंजाब कांग्रेस को एकजुट करने की जिम्मेदारी है. नई जिम्मेदारी और चुनौतियों को लेकर सचिन पायलट ने एनडीटीवी से बात की. भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए पायलट ने आरोप लगाया कि बीते साढ़े चार साल में आम लोगों की बजाय आम आदमी पार्टी के नेताओं को प्रमोट किया गया है. पायलट ने कहा कि चुनाव में कांग्रेस का चेहरा राहुल गांधी होंगे और वो जल्द पंजाब के दौरे पर जाएंगे.

सवाल: राहुल गांधी से मुलाकात हुई, उन्होंने आपको क्या निर्देश दिया?

जवाब: राहुल जी का संदेश बिल्कुल साफ है कि पंजाब की जनता के प्रति हमारी बड़ी जिम्मेदारी है. पिछले साढ़े चार वर्षों में लोगों की उम्मीदों पर पानी फिरा है. अब हमें उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना है और पूरी कांग्रेस टीम को संकल्प के साथ मैदान में उतरना है.

सवाल: पंजाब कांग्रेस बंटी हुई है, नेताओं के बीच मतभेद खत्म करना कितना बड़ा चुनौती है?

जवाब: बंटवारा तो आम आदमी पार्टी में हुआ, जब उनके सभी राज्यसभा सांसद बीजेपी में शामिल हो गए. कांग्रेस के सभी नेता लगातार संघर्ष कर रहे हैं और उनकी कोशिश है कि पार्टी का झंडा बुलंद रहे. मैं लगभग सभी नेताओं से मिल चुका हूं. सभी ने भरोसा दिलाया है कि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में मजबूती से चुनाव लड़ेंगे. हम एक-एक विधानसभा और गांव तक पहुंचकर सरकार की नाकामियों को जनता के सामने रखेंगे.

सवाल: क्या कांग्रेस के पुराने नेताओं के अनुभव का भी फायदा मिलेगा?

जवाब: बिल्कुल. कांग्रेस के पास ऐसे नेता हैं जिन्होंने पंजाब के आतंकवाद के दौर को देखा है और राज्य को उस कठिन समय से बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. आज पार्टी के पास युवा और अनुभवी नेताओं का अच्छा संतुलन है. इसी ताकत के साथ हम आगे बढ़ेंगे.

सवाल: आपकी चरणजीत सिंह चन्नी से मुलाकात हुई. क्या मुख्यमंत्री पद को लेकर भी चर्चा हुई?

जवाब: मेरी मुलाकात बहुत सकारात्मक रही. चन्नी जी लोकप्रिय नेता हैं और हमारे पूर्व मुख्यमंत्री भी रहे हैं. वह भी चाहते हैं कि कांग्रेस मेहनत करके दोबारा सत्ता में आए. वह अभियान समिति के अध्यक्ष हैं और सभी को साथ लेकर चुनाव अभियान चलाएंगे.

सवाल: क्या चन्नी जी ने प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग को हटाने की मांग की?

जवाब: नहीं, ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई. हमारी बातचीत केवल चुनाव प्रचार को और मजबूत बनाने पर केंद्रित रही.

सवाल: क्या प्रदेश अध्यक्ष को हटाने से पंजाब कांग्रेस का विवाद खत्म हो जाएगा?

जवाब: असली मुद्दा यह है कि आम आदमी पार्टी की सरकार और केंद्र की बीजेपी सरकार कितनी अलोकप्रिय हो चुकी हैं. किसी भी पार्टी में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन हमारा लक्ष्य एक है, चुनाव जीतना, सरकार बनाना और पंजाब को आगे बढ़ाना.

सवाल: मालवा क्षेत्र में कांग्रेस कमजोर मानी जाती है. क्या रणनीति है?

जवाब: मालवा में कांग्रेस के कई मजबूत नेता हैं. पिछला चुनाव अलग परिस्थितियों में लड़ा गया था और आम आदमी पार्टी ने उस समय कई वादे किए थे. इस बार हम पूरी मजबूती से मैदान में उतरेंगे और मुझे विश्वास है कि हमारा प्रदर्शन पहले से बेहतर रहेगा.

सवाल: राहुल गांधी की पंजाब यात्रा को लेकर क्या जानकारी है?

जवाब: मैंने राहुल जी, प्रियंका जी और खरगे जी से पंजाब आने का अनुरोध किया है. राहुल गांधी की यात्राएं, बैठकें और जनसंपर्क कार्यक्रम होंगे. वह जल्द पंजाब आकर हमारे चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत करेंगे.

सवाल: कैप्टन अमरिंदर सिंह को वापस कांग्रेस में लाने की अटकलें हैं. क्या इस पर कोई चर्चा हुई है?

जवाब: इस विषय पर मेरी किसी से कोई चर्चा नहीं हुई है.

सवाल: बीजेपी 18 तारीख से पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान शुरू करने जा रही है. क्या नशा चुनावी मुद्दा बनेगा?

जवाब: यह बड़ा विरोधाभास है कि केंद्र सरकार के पास सीमा सुरक्षा की जिम्मेदारी है और वही बीजेपी नशे के खिलाफ अभियान चला रही है. मुंद्रा पोर्ट पर हजारों करोड़ रुपये की ड्रग्स पकड़ी गई थी. नशा पंजाब के युवाओं को खोखला कर रहा है. यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और पंजाब के भविष्य से जुड़ा विषय है.

सवाल: गुलजार सिंह मामले को आप किस तरह देखते हैं?

जवाब: यह बेहद दुखद मामला है. यदि कोई व्यक्ति आत्महत्या करने के लिए मजबूर होता है तो सरकार का कर्तव्य है कि वह उसकी मदद करे, न कि उस पर दबाव बनाए. यदि सबूत नष्ट किए गए हैं या एफआईआर दर्ज नहीं की गई है, तो हमारी सरकार बनने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.

सवाल: अकाली दल और बीजेपी के बीच दोबारा गठबंधन की चर्चा है. इसका कांग्रेस पर क्या असर होगा?

जवाब: गठबंधन करना या न करना उनका फैसला है. लेकिन दोनों पार्टियां पंजाब में अपनी जमीन खो चुकी हैं. अकाली दल की विश्वसनीयता कमजोर हुई है और बीजेपी भी अकाली दल के बिना पहले कभी ज्यादा मजबूत नहीं रही. पंजाब में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच ही होगा.

सवाल: पंजाब में नए राजनीतिक समूह और नेता भी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं. इसे कैसे देखते हैं?

जवाब: लोकतंत्र में हर दल और हर व्यक्ति को चुनाव लड़ने का अधिकार है. लेकिन एजेंडा स्पष्ट, सकारात्मक और जनता के हित में होना चाहिए. धर्म या क्षेत्रवाद के नाम पर लोगों को गुमराह करना सही नहीं है.

सवाल: अरविंद केजरीवाल का आरोप है कि कांग्रेस ने पंजाब में नशे को फैलाया. आपका जवाब?

जवाब: साढ़े चार साल तक आम आदमी पार्टी की सरकार क्या कर रही थी? उनकी जिम्मेदारी जनता की सेवा करना थी, लेकिन उन्होंने अपने नेताओं को बचाने और आगे बढ़ाने पर ज्यादा ध्यान दिया. ड्रग्स का मामला एक बड़े नेक्सस से जुड़ा है, जिसमें ड्रग्स कार्टेल, राजनीतिक संरक्षण और सत्ता से जुड़े लोग शामिल हैं. जब तक यह नेक्सस नहीं टूटेगा, तब तक केवल छोटे ड्रग तस्करों को पकड़ने से समस्या खत्म नहीं होगी.

सवाल: पंजाब का प्रभारी बदलने पर भूपेश बघेल के काम को आप किस तरह देखते हैं?

जवाब: भूपेश बघेल जी ने पंजाब में काफी काम किया है. वह लगातार मैदान में सक्रिय रहे और पार्टी को मजबूत करने का प्रयास किया. लेकिन समय-समय पर संगठन में जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं. प्रभारी कोई भी हो, लक्ष्य एक ही है, कांग्रेस को मजबूत करना और चुनाव जिताना.

सवाल: पंजाब चुनाव में कांग्रेस का चेहरा कौन होगा?

जवाब: फिलहाल हम विपक्ष में हैं, इसलिए यह किसी एक व्यक्ति की लड़ाई नहीं है. यह पूरी कांग्रेस का सामूहिक अभियान है. राहुल गांधी इसका नेतृत्व करेंगे और हम सभी उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे. कांग्रेस में योग्य और अनुभवी नेताओं की कोई कमी नहीं है.

यह भी पढ़ें- 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sachin Pilot, Punjab Congress, Rahul Gandhi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com