- लुधियाना के जगरांव में नवासे ने नानी की तकिये से गला दबाकर हत्या कर दी.
- परिवार ने हार्ट अटैक समझकर अंतिम संस्कार कर दिया था.
- कुछ दिन बाद CCTV फुटेज के जरिए वारदात का खुलासा हुआ और आरोपी गिरफ्तार किया गया.
पंजाब में लुधियाना के जगरांव से रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. एक लड़के ने प्रॉपर्टी के लिए अपनी नानी की हत्या कर दी. इसके बाद, परिवार ने इसे मौत समझकर मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया. बाद में सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद वारदात के बारे में पता चला और राज खुल सका. जिस नानी ने अपनी बेटी की मौत की बाद अपने नवासे को बेटे की तरह पाला, उसकी शादी करवाई और जिंदगी संवारी, उसी नवासे पर अब नानी की हत्या का आरोप लगा है.
कैसे की गई हत्या?
वारदात के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में आरोपी गुरकीरत सिंह उर्फ गोरा अपनी नानी मनजीत कौर के साथ विवाद करता दिखाई दे रहा है. इसके बाद वह नानी के साथ मारपीट करता है और कथित तौर पर उनके ऊपर बैठकर तकिए से उनका मुंह और गला दबाता नजर आता है.
फुटेज सामने आने के बाद परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई. जिस मौत को सामान्य समझकर अंतिम संस्कार कर दिया गया था, वही अब हत्या का मामला बन गई. पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर सामान्य मौत की कार्रवाई को हत्या के केस में बदल दिया और आरोपी गुरकीरत सिंह उर्फ गोरा को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर हत्या की बात कबूल की है. जानकारी सामने आई है कि वह नानी का घर और दूसरी प्रॉपर्टी अपने नाम करवाना चाहता था. इसलिए उसने नानी की हत्या करने का प्लान बनाया.
ये भी पढ़ें: लुधियाना में ISI के बड़े मॉड्यूल का पर्दाफाश, दुकान के बाहर लगाए CCTV से पाकिस्तान भेजी जा रही थी LIVE फीड
संपत्ति के लिए दबाव डालता था नवासा...
आरोपी युवक अपनी नानी पर संपत्ति उसके नाम करने के लिए दबाव डालता था, लेकिन नानी इसके लिए तैयार नहीं थीं. आरोप लग रहे हैं कि इसी विवाद के चलते उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया.
मनजीत कौर की बेटी की पहले ही मौत हो चुकी थी. इसके बाद नानी ने अपने नवासे गुरकीरत को मां जैसा प्यार दिया और बेटे की तरह पाल-पोसकर बड़ा किया. यहां तक कि उसकी शादी भी नानी ने करवाई थी. लेकिन जिस रिश्ते में मां-बेटे जैसा प्यार था, उसी रिश्ते का अंत एक खौफनाक वारदात के साथ हुआ.
3 सितंबर की शाम करीब 6 बजे परिवार को मनजीत कौर की मौत की जानकारी मिली. देर होने की वजह से शव को मॉर्च्युरी में रखवाया गया. परिवार को उस वक्त किसी तरह का शक नहीं हुआ.
ये भी पढ़ें: 3 सेकेंड में 3 गोलियां, लुधियाना में पिज्जा आउटलेट पर फायरिंग, इंस्टाग्राम पर गैंग ने ली जिम्मेदारी
फुटेज में जो दिखाई दिया, उसने परिवार को हिलाकर रख दिया. अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि वारदात के पीछे प्रॉपर्टी विवाद के अलावा कोई और वजह तो नहीं थी.
एक तरफ नानी का अपने नवासे के लिए मां जैसा प्यार और दूसरी तरफ उसी रिश्ते पर हत्या का इल्जाम. सीसीटीवी फुटेज के जरिए जो सच सामने आया है, उसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है.
ये भी पढ़ें: रक्षाबंधन से पहले एक साथ उठी भाई-बहन की अर्थी; लुधियाना में सांप ने डसा, आखिरी बार मासूमों को मां नहीं देख पाई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं