- लुधियाना पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में रासपाल सिंह नामक युवक को गिरफ्तार किया है.
- आरोपी ने फिरोजपुर रोड पर किराये की दुकान के बाहर CCTV कैमरे लगाए और उनकी लाइव फीड पाकिस्तान पहुंचाई थी.
- रासपाल सिंह पर रक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान में हैंडलरों तक पहुंचाने का आरोप है
पंजाब के लुधियाना से जासूसी का एक गंभीर मामला सामने आया है. पुलिस ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी के लिए जासूसी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि युवक ने फिरोजपुर रोड पर किराये की एक दुकान के बाहर CCTV कैमरे लगाए और इन कैमरों की लाइव फीड पाकिस्तान में बैठे लोगों तक पहुंचाई जा रही थी.
पुलिस के मुताबिक, इन कैमरों के जरिए लुधियाना में सुरक्षा से जुड़ी गतिविधियों और सुरक्षा बलों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही थी.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रासपाल सिंह के रूप में हुई है. वह गुरदासपुर जिले के फतेहगढ़ चूड़ियां इलाके के सराफकोट गांव का रहने वाला है. पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने उसे 27 अगस्त को एक गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया.
दुकान के बाहर लगाए थे कैमरे
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके पास से दो CCTV कैमरे, एक वाई-फाई राउटर/बॉक्स, पावर एडाप्टर और 64 GB का मेमोरी कार्ड बरामद किया. पुलिस के अनुसार, रासपाल सिंह ने लुधियाना के न्यू सुंदर नगर में फिरोजपुर रोड पर मेडिवे अस्पताल के सामने एक दुकान किराये पर ली थी. दुकान के बाहर CCTV कैमरे लगाए गए थे.
जांच एजेंसियों का आरोप है कि रासपाल सिंह की भूमिका सिर्फ CCTV की लाइव फीड उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं थी. उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा एजेंसियों और रणनीतिक गतिविधियों से जुड़ी संवेदनशील जानकारी पाकिस्तान में बैठे अपने हैंडलरों तक पहुंचाने का भी आरोप है.
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक कितनी संवेदनशील जानकारी साझा की, पाकिस्तान में उसके संपर्क में कौन-कौन लोग थे और इस पूरे नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं.
आरोपी के खिलाफ Official Secrets Act, 1923 के तहत मामला दर्ज किया गया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया.
पुलिस आरोपी की कुंडली खंगाल रही है
लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा के मुताबिक, आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि पाकिस्तान तक कौन-कौन सी संवेदनशील सूचनाएं पहुंचाई गईं, आरोपी के पाकिस्तानी हैंडलर कौन हैं और इस नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं.
रासपाल सिंह का आपराधिक रिकॉर्ड भी पुलिस जांच का हिस्सा है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ इससे पहले भी मामला दर्ज हो चुका है. 26 जून 2026 को डेरा बाबा नानक थाने में उसके खिलाफ NDPS Act की धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई थी.
मामले की जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने दो और आरोपियों, रोहित और वरिंदर मसीह, को भी गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, रासपाल की गिरफ्तारी के बाद CCTV की लाइव फीड बंद हो गई थी. इसके बाद दोनों आरोपी कथित तौर पर यह देखने के लिए उसी दुकान पर पहुंचे कि कैमरे काम क्यों नहीं कर रहे हैं. पुलिस ने पहले से निगरानी रखी हुई थी और दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया. अब दोनों से पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क में उनकी भूमिका और पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलरों से उनके संपर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.
इस पूरी कार्रवाई में CIA स्टाफ लुधियाना, थाना सराभा नगर और काउंटर इंटेलिजेंस लुधियाना की टीमें शामिल थीं.
यह भी पढ़ें: स्टेयरिंग पर कंबल, गलियारे में चादर.. दिल्ली में जिस बस में नाबालिग से हुई दरिंदगी, सामने आया VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं