विज्ञापन

पोंडा उपचुनाव: केजरीवाल बोले- '2027 में गोवा में हमारी सरकार बना दो, बिजली फ्री कर देंगे'

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरे देश में सिर्फ दिल्ली-पंजाब में मुफ्त बिजली मिलती है, जो ‘‘आप’’ सरकार ने ही किया है.

पोंडा उपचुनाव: केजरीवाल बोले- '2027 में गोवा में हमारी सरकार बना दो, बिजली फ्री कर देंगे'
  • अरविंद केजरीवाल ने पोंडा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के गीतेश नाइक के समर्थन में परिवर्तन सभा को संबोधित किया
  • उन्होंने भाजपा पर 14 साल में गोवा को लूटने, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी जैसी सुविधाएं न देने का आरोप लगाया
  • केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर एक महीने के अंदर गोवा में बिजली मुफ्त कर दी जाएगी
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को गोवा की पोंडा विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी गीतेश नाइक के समर्थन में ‘‘परिवर्तन सभा'' को संबोधित किया. उन्होंने अपील करते हुए कहा कि पोंडा उपचुनाव में ‘‘आप'' प्रत्याशी को जिताएं और 2027 में प्रदेश में ‘‘आप'' की सरकार बनाएं. सरकार बनने के एक महीने बाद ही पंजाब और दिल्ली की तरह गोवा में भी बिजली मुफ्त कर देंगे. उन्होंने कहा कि 14 साल से राज कर रही भाजपा ने लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी कुछ नहीं दिया. उसने सिर्फ गोवा को लूटा है. पोंडा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के साथ भाजपा की सेटिंग है. वह चुनाव जीतने के बाद भाजपा में चला जाएगा.

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारे देश में सब लोग चुनाव का इंतजार करते हैं कि कब चुनाव आएगा और कब हमारे काम होंगे. दूसरी पार्टियों की जितनी भी सरकारें हैं, ये पांच साल काम नहीं करतीं. जब चुनाव आता है, तब अचानक काम शुरू हो जाते हैं. सड़कें ठीक होनी चालू हो जाती हैं, सफाई होनी चालू हो जाती है और नालियां साफ होनी चालू हो जाती हैं. 

केजरीवाल ने बीजेपी सरकार को घेरा

उन्होने कहा कि पोंडा में चारों तरफ कूड़ा ही कूड़ा पड़ा है. सड़कें टूटी पड़ी हैं, स्ट्रीट लाइट काम नहीं कर रही हैं. लोग बता रहे हैं कि पीने के पानी में कीड़े आ रहे हैं. इस पानी को कैसे पिएं? ये लोग पांच साल तो काम नहीं करते, लेकिन चुनाव में भी काम नहीं करते. ऐसे लोगों को वोट क्यों देते हैं? 14 साल से गोवा के अंदर भाजपा की सरकार है. 14 साल में इन्होंने क्या दिया? ना दवाइयां दीं, ना इलाज दिया, ना साफ पानी दिया, ना नौकरी दी, ना बिजली दी, केवल और केवल लूटने का काम किया. लूटने के सिवा और कोई काम नहीं किया. 

Latest and Breaking News on NDTV

केजरीवाल ने कहा कि पोंडा में आयुष्मान आरोग्य मंदिर एक साल से बंद पड़ा है. हमारे घर में कोई बीमार होता है, तो हम इलाज कराने के लिए कहां जाएं? मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि भाजपा की 14 साल से सरकार है. पोंडा को क्या दिया? 100 करोड़ रुपए की बिल्डिंग बनाकर आईडी अस्पताल खड़ा कर दिया. उसमें उपकरण नहीं हैं, मशीनें काम नहीं करती हैं, टेस्ट नहीं होते हैं, दवाइयां नहीं मिलती हैं, इलाज नहीं होता है.

'हमें जिताइए, सब इंतजाम कर देंगे'

केजरीवाल ने पोंडा की जनता से अपील करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गितेश नाइक को जिताकर भेज दो. मैं वादा करता हूं कि आरोग्य मंदिर को शुरू कराएंगे और आईडी अस्पताल को भी ठीक कराएंगे. ये गितेश नाइक की जिम्मेदारी है. उन्होंने आगे जनता से कहा कि गितेश नायक को विधायक बना दो. ये पोंडा के अंदर सबके घरों में साफ पानी का इंतजाम करके देंगे.

Latest and Breaking News on NDTV

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पहले दिल्ली में हमारी सरकार थी. अभी पंजाब में सरकार है. यह जानकर ताज्जुब होगा कि दिल्ली और पंजाब में घर का बिजली का बिल जीरो आता है. पूरे देश में सिर्फ दो राज्यों पंजाब और दिल्ली में बिजली का बिल जीरो आता है. इसे आदमी पार्टी की सरकार ने किया है. इस बार “आप” का विधायक बनाओ और 2027 में सरकार बनाओ और सरकार बनाने के एक महीने के अंदर गोवा के अंदर बिजली का बिल जीरो कर देंगे. 

केजरीवाल ने कहा कि गोवा के दो “आप” विधायक वेन्जी वीगास या क्रूज सिल्वा ने कुछ नहीं कमाया. बेनौलिम विधायक वेन्जी वीगास के पास कोई गाड़ी नहीं है और छोटे से घर में रहता है. वह अपनी तनख्वाह से लोगों का इलाज कराता है. इसने मोतियाबिंद के 450 ऑपरेशन कराए. मैंने पूछा, पैसे कहां से आए? बोला, अपनी तनख्वाह में से कराया. क्या कोई ऐसा विधायक देखा है जो अपनी तनख्वाह में से लोगों का इलाज कराता हो? ये केवल आम आदमी पार्टी ही कर सकती है.

Latest and Breaking News on NDTV

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पोंडा के लोगों ने सबको मौका दिया है. जनता ने अभी तक एमजीपी, कांग्रेस और भाजपा का विधायक बनाया. अब केवल 8 महीने बचे हैं. बचे हुए कार्यकाल के लिए एक मौका आम आदमी पार्टी और झाड़ू को देकर देखिए. अगर हम काम ना करें, तो अगले साल बदल देना.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com