IIT खड़गपुर ने अपने 75 साल पूरे कर लिए हैं, ये देश का पहला आईआईटी है. इसकी स्थापना 1951 में मौलाना अबुल कलाम आजाद ने की थी, जो देश के पहले शिक्षा मंत्री थे. 75 साल पूरे होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी IIT खड़गपुर पहुंचे. यहां पीएम मोदी ने छात्रों के साथ बातचीत की और कहा कि आज जब हम विकसित भारत के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं तो IIT खड़गपुर का 75 वर्षों का अनुभव देश के विकास में, देश के इनोवेशन प्रोफाइल में बहुत बड़ी भूमिका निभाने वाला है. आईआईटी खड़गपुर से गूगल के CEO सुंदर पिचाई से लेकर तमाम बड़े दिग्गज निकले हैं. आज हम आपको ऐसे ही कुछ दिग्गजों के बारे में बताएंगे.
सुंदर पिचाई ने की इस चीज की पढ़ाई
आज दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनी Google के सबसे बड़े पद पर बैठे सुंदर पिचाई ने भी कभी इसी संस्थान में एडमिशन लिया था. सुंदर पिचाई ने IIT खड़गपुर से मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया. 1993 में वो अपनी पढ़ाई पूरी कर निकले और उन्हें सिल्वर मेडल भी मिला. आईआईटी खड़गपुर ने उन्हें टेक्नोलॉजी के साथ-साथ हिम्मत भी दी और उन्होंने कुछ बड़ा करने का सपना देखा. आज भी वो IIT खड़गपुर में बिताए दिनों को याद करते हैं.
अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी IIT खड़गपुर से पढ़ाई की है. उन्होंने हिसार से अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की और फिर इंजीनियरिंग की परीक्षा दी और उनकी 563 रैंक आई. इसके बाद उनका एडमिशन IIT खड़गपुर में हुआ. उन्होंने यहां से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की और अच्छे नंबरों से पास हुए. इसके बाद उन्होंने टाटा स्टील में नौकरी की और फिर यूपीएससी पास कर IRS में चले गए.
दुव्वुरी सुब्बाराव
रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर और वित्त सचिव जैसे बड़े पदों पर रह चुके दुव्वुरी सुब्बाराव ने भी इसी आईआईटी से अपनी पढ़ाई पूरी की थी. उनका नाम भारत के बड़े आर्थशास्त्रियों में शुमार है. उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा कोरुकोंडा सैनिक स्कूल में पूरी की, जिसके बाद 1969 में उन्होंने IIT खड़गपुर से बीएससी ऑनर्स (फिजिक्स) में ग्रेजुएशन पूरा किया. इसी विषय में आईआईटी कानपुर से मास्टर्स किया और फिर अर्थशास्त्र की पढ़ाई के लिए अमेरिका चले गए.
के. राधाकृष्णन
इसरो (ISRO) के पूर्व अध्यक्ष और प्रसिद्ध साइंटिस्ट डॉ. के. राधाकृष्णन ने IIT खड़गपुर से पढ़ाई की है. उन्होंने साल 2000 में PhD की उपाधि ली. इससे पहले उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेज, त्रिवेंद्रम से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी. आईआईटी खड़गपुर से पीएचडी के बाद उन्होंने IIM बैंगलोर से PGDM की डिग्री ली.
अजित जैन
बर्कशायर हैथवे के वाइस चेयरमैन रहे अजित जैन ने भी इसी आईआईटी से पढ़ाई की है. उन्होंने 1972 में आईआईटी खड़गपुर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की थी. इसके बाद उन्होंने अमेरिका की हार्वर्ड यूनिवर्सिटी से एमबीए किया और मैकिन्सी एंड कंपनी में नौकरी की. आज उनकी संपत्ति कई हजार करोड़ है और वो दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में आते हैं.
यह भी पढ़ें | जनरल मेडिसिन से लेकर रेडियोलॉजी तक, IIT खड़गपुर में कौन-कौन से मेडिकल कोर्स?
यह भी पढ़ें | राजा भैया को गिरफ्तार करने वाले IPS जसवीर सिंह कौन हैं? 8 साल तक रहे सस्पेंड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं