- AAP ने भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार पर केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया है.
- पंजाब में AAP ने भाजपा कार्यालयों का घेराव कर केंद्रीय एजेंसियों की की कार्रवाइयों का विरोध किया.
- मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ ईडी कार्रवाई के खिलाफ AAP कार्यकर्ताओं ने तख्तियां लेकर नारेबाजी की.
आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार को भाजपा की अगुवाई वाली केंद्र सरकार के खिलाफ राज्य भर में विरोध प्रदर्शन किए. पार्टी ने भाजपा पर ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट जैसी केंद्रीय एजेंसियों के गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया. साथ ही कहा कि भाजपा इन एजेंसियों का गलत इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने और गैर-भाजपा सरकारों को अस्थिर करने के लिए कर रही है.
आप नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंजाब में जिला मुख्यालयों पर भाजपा दफ्तरों का घेराव किया और कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के खिलाफ ईडी की कार्रवाई को लेकर नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. होशियारपुर, पटियाला, मोहाली सहित पंजाब के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन हुए.
ये भी पढ़ें: पंजाब सरकार के इंडस्ट्री और पॉवर मिनिस्टर संजीव अरोड़ा को ईडी ने किया गिरफ्तार
तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी
आप नेताओं ने कहा कि भाजपा चुनी हुई सरकारों को डराने और विपक्ष की आवाज दबाने के लिए जांच एजेंसियों को एक राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल कर रही है. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और भाजपा पर हर उस राजनीतिक ताकत को कुचलने की कोशिश करने का आरोप लगाया जो उसके आगे झुकने से मना करती है.
AAP की पॉपुलैरिटी पचा नहीं पा रही भाजपा: चीमा
पंजाब सरकार में मंत्री और आप नेता मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि भाजपा ने ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसी एजेंसियों को राजनीतिक हथियार बना दिया है. पहले बंगाल को टारगेट किया गया और अब पंजाब पर हमला हो रहा है क्योंकि भाजपा आप की बढ़ती पॉपुलैरिटी और भगवंत मान सरकार के लोगों के हक में किए जा रहे कामों को पचा नहीं पा रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं