विज्ञापन
This Article is From Sep 03, 2016

बिहार में पुलिस और उत्‍पाद विभाग के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा

बिहार में पुलिस और उत्‍पाद विभाग के बीच सबकुछ ठीक नहीं चल रहा
प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर
पटना: बिहार में शराबबंदी के मुद्दे पर राज्य की पुलिस और उत्पाद विभाग में सब कुछ सामान्य नहीं है. एक मामले में राज्य पुलिस ने उत्पाद विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों को थाने में 10 घंटे तक इस बात के लिए दबाव बनाने के लिए पूछताछ की कि उन्होंने किस सोर्स के आधार पर छापेमारी की. यही नहीं, इस मामले में अब उत्पाद निरीक्षक दीपक कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है. साथ ही लोहरा के सुवेन्द्र कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है.

ये मुद्दा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह ज़िला नालन्दा का है जहां उनकी पार्टी के एक ब्लॉक अध्यक्ष चंद्रजीत कुमार सेन के घर से 30 अगस्‍त को 167 शराब की बोतलें बरामद की गईं. लेकिन इस मामले में पुलिस आरोपियों को जेल भेजने की जगह उत्पाद विभाग के अधिकारियों से ही थाने में पूछताछ कर दबाब बनाने की कोशिश करती रही. लेकिन मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब नालंदा के ज़िला अधिकारी सेन के गांव एसपी के साथ पहुंच गए और यहां तक कह डाला कि सेन को फंसाया गया है.

लेकिन इस मामले में जब उत्पाद विभाग के वरीय अधिकारियों ने पुलिस को चेतावनी दी कि अगर सेन को बचाने के लिए उनके विभाग के अधिकारियों के ऊपर दबाव बनाया गया तो वो भविष्य में छापेमारी नहीं करेंगे, तब जाकर सेन को जेल भेजा गया. हालांकि उत्‍पाद निरीक्षक की गिरफ्तारी के बाद अब ये मामला कितना गर्माएगा, यह जानने के लिए फिलहाल इंतजार करना होगा.

शनिवार को बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने नालंदा के डीएम और एसपी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि जिला के डीएम और एसपी कानून को ताक पर रखकर जिला में काम कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि दोनों जेडीयू के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं इसलिए दोनों का यहां से तबादला होना चाहिए. मोदी ने इस पूरे मामले की जांच राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक से कराने की मांग की है.

मोदी ने यह भी आरोप लगाया कि उत्पाद विभाग की रेडिंग टीम के नेतृत्वकर्ता इंस्पेक्टर दीपक कुमार को पुलिस ने हिरासत में लेकर करीब 9 घंटे तक उनसे पूछताछ की कि इन्फॉर्मर का नाम बताओ और उसे जबरन कागज पर यह लिखने को मजबूर किया कि पैसा देने के प्रलोभन पर छापेमारी कराई गई थी.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
बिहार में शराब बंदी, नीतीश कुमार, बिहार पुलिस, उत्‍पाद विभाग, सुशील कुमार मोदी, Liqour Ban In Bihar, Nitish Kumar, Bihar Police, Excise Department, Sushil Kumar Modi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com