- राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने बताया कि सोनिया गांधी ने गठबंधन की पूरी कहानी गलत ढंग से प्रस्तुत की है
- संस्मरण में कहा गया कि नीतीश कुमार भाजपा के प्रभाव में थे और इंडिया गठबंधन से बाहर निकलने की सोच रहे थे
- जद(यू) का कहना है कि नीतीश कुमार ने विपक्षी दलों को कांग्रेस के साथ जोड़ने का महत्वपूर्ण रोल निभाया था
जनता दल (यूनाइटेड) ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के संस्मरण में अपनी पार्टी के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चित्रण पर बुधवार को नाराजगी जताते हुए कहा कि वह विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस) के मुख्य सूत्रधार थे. जद(यू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने आरोप लगाया कि गांधी ने अपनी किताब में इस पूरे घटनाक्रम को लोगों को गुमराह करने की एक खास रणनीति के तहत पेश किया है.
संजय झा ने टिप्पणी को बताया ‘अप्रत्याशित' पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ने कुमार के खिलाफ ‘तुच्छ और गैर-जिम्मेदाराना' टिप्पणियां कीं जो ‘अप्रत्याशित' हैं.
राजीव रंजन प्रसाद का बयान
प्रसाद ने वीडियो बयान में कहा, ‘‘ ‘इंडिया' गठबंधन के संदर्भ में सोनिया गांधी की किताब में नीतीश कुमार का जिस तरह जिक्र किया गया है, उससे जद(यू) बेहद आहत है. हमारा मानना है कि नीतीश कुमार इस गठबंधन के सूत्रधार और इसे आगे बढ़ाने वाली प्रमुख ताकत हैं जिसका नेतृत्व फिलहाल सोनिया गांधी और राहुल गांधी कर रहे हैं.''
सोनिया गांधी की किताब में क्या लिखा गया
सोनिया गांधी ने अपने संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में लिखा है कि नीतीश Kumar ‘इंडिया' गठबंधन से बाहर निकलने का मौका तलाश रहे थे और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रभाव में थे. उन्होंने 2024 की शुरुआत में नीतीश कुमार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी का भी जिक्र किया है.
'कांग्रेस को साथ लाने में नीतीश की भूमिका रही'
प्रसाद ने दावा किया कि शुरुआत में ज्यादातर क्षेत्रीय दल विपक्षी गठबंधन में कांग्रेस को शामिल करने के इच्छुक नहीं थे और नीतीश कुमार ने उन्हें इस पार्टी के साथ एकजुट होने के लिए राजी किया था. उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद पटना में गठबंधन की पहली बैठक सफल रही.''
प्रसाद ने कहा कि नीतीश कुमार को अंततः एहसास हो गया था कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की महत्वाकांक्षाओं एवं उनके क्षेत्रीय राजनीतिक हितों के साथ-साथ राजग का मुकाबला करने में उनकी अक्षमता के कारण ‘इंडिया' गठबंधन कामयाब नहीं हो पाएगा.
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की भूमिका, उनकी महत्वाकांक्षाओं और क्षेत्रीय राजनीतिक हितों से यह स्पष्ट हो गया था कि उनमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का मुकाबला करने की क्षमता नहीं है. इसी वजह से नीतीश कुमार ने ‘इंडिया' गठबंधन छोड़ दिया था.''
संजय झा ने कांग्रेस को दी नसीहत
पटना में झा ने कहा, ‘‘वह एक वरिष्ठ नेता हैं. उनसे इस तरह की तुच्छ और गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणियों की उम्मीद नहीं थी. लेकिन ऐसा लगता है कि यह कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेताओं की आदत बन गई है. जरा याद कीजिए कि (मल्लिकार्जुन) खरगे ने हाल ही में क्या कहा था.'' राज्यसभा सदस्य ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि गठबंधन उसकी अपनी सद्भावना के कारण नहीं, बल्कि हमारे नेता की विश्वसनीयता के कारण अस्तित्व में आया था.''
नीतीश कुमार के राजनीतिक अनुभव का किया जिक्र
झा ने कहा, ‘‘नीतीश कुमार के पास पांच दशक का राजनीतिक अनुभव है. उन्होंने आपातकाल के दौरान छात्र आंदोलन से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी, जिसके कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ा था. उन्होंने कांग्रेस के बिना गठबंधन बनाने के इच्छुक कई नेताओं को एकजुट करने में सफलता हासिल की. हमारे नेता के कहने पर ही वे इसके लिए राजी हुए थे.''
परिवारवाद की राजनीति पर भी हमला
झा ने कहा, ‘‘इसके अलावा, जल्द ही यह स्पष्ट हो गया कि विपक्षी दल की ये सारी बातें केवल सत्ता हथियाने की एक चाल थीं. इसके पीछे ऐसे नेता थे, जो अन्य मुद्दों के बजाय अपनी-अपनी परिवारवादी राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए अधिक चिंतित थे. कांग्रेस को यह भी याद रखना चाहिए कि उसके वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने नीतीश कुमार के बारे में क्या कहा था.''
उनका परोक्ष इशारा कांग्रेस कार्य समिति की हाल ही में हुई बैठक के दौरान सामने आए एक चर्चित घटनाक्रम की ओर था. उस बैठक में सिंह ने अफसोस जताया था कि लोकसभा चुनाव से पहले जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार के विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' से बाहर होने से गठबंधन को नुकसान पहुंचा था.
यह भी पढ़ें | सोनिया गांधी को पसंद है गुजराती खाना, वायरल वीडियो में बताया कि राजीव गांधी से कैसे हुई थी मुलाकात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं