विज्ञापन

शीतल देवी ने पक्का किया मेडल, ब्रॉन्ज मेडल के लिए खेलेंगी सरिता, वर्ल्ड आर्चरी पैरा चैंपियन में भारत की शानदार शुरुआत

शीतल देवी अहमदाबाद में हो रहे वर्ल्ड आर्चरी पैरा चैंपियनशिप में कंपाउंड महिला व्यक्तिगत वर्ग के फाइनल में पहुंचकर भारत के लिए मेडल कंफर्म कर चुकी हैं.

शीतल देवी ने पक्का किया मेडल, ब्रॉन्ज मेडल के लिए खेलेंगी सरिता, वर्ल्ड आर्चरी पैरा चैंपियन में भारत की शानदार शुरुआत
शीतल देवी ने वर्ल्ड आर्चरी पैरा चैंपियन में पक्का किया मेडल

वर्ल्ड आर्चरी पैरा चैंपियन और भारत की स्टार पैरा तीरंदाज शीतल देवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अहमदाबाद में आयोजित हो रही वर्ल्ड आर्चरी पैरा सीरीज 2026 के तीसरे चरण के कंपाउंड महिला व्यक्तिगत वर्ग के फाइनल में जगह बनाकर भारत के लिए मेडल कंफर्म कर दिया है. सोमवार को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में शीतल ने अपनी ही देश की खिलाड़ी सरिता को 145-143 के करीबी अंतर से हराया. शीर्ष वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी बुधवार को फाइनल में कजाकिस्तान की दूसरी सीडेड खिलाड़ी आइजादा सेइडन का सामना करेगी. 

वहीं, सरिता ब्रॉन्ज मेडल के लिए चीन की वांग हुइटिंग से मुकाबला करेंगी, जिन्होंने दूसरे राउंड में दुनिया की पहली क्वाड्रपल एम्प्यूटी (चारों अंग न होने वाली खिलाड़ी) पायल नाग को हराया था. शीतल ने रविवार को कंपाउंड महिला क्वालिफिकेशन में सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर 698 हासिल करके भारत की अंतरराष्ट्रीय मेजबानी की शुरुआत को यादगार बना दिया था. 

19 वर्षीय बिना हाथों वाली तीरंदाज शीतल ने अपना ही एशियाई रिकॉर्ड एक प्वाइंट से बेहतर किया. यह रिकॉर्ड उन्होंने पहले नोवे मेस्टो में दूसरे चरण में बनाया था. उनके हालिया राउंड में उन्होंने 25 बार '10' और 26 बार 'एक्स' स्कोर किया. 'एक्स-रिंग' का इस्तेमाल '10-रिंग' के अंदर टाई-ब्रेकर के तौर पर किया जाता है, जिससे वह प्रतियोगिता में दूसरों से 10 प्वाइंट आगे रहीं.

इस प्रदर्शन ने आइची-नागोया 2026 एशियन पैरा गेम्स से पहले शीतल की शानदार फॉर्म को भी दिखाया, जहां वह कंपाउंड महिला व्यक्तिगत और मिक्स्ड टीम खिताब का बचाव करेंगी. कजाकिस्तान की दुनिया की 41वें नंबर की खिलाड़ी सेइडन ने भी अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर 688 हासिल किया, जिसमें 17 'एक्स' शामिल थे. टोक्यो 2020 चैंपियन फोबे पैटर्सन पाइन ने 681 स्कोर करके पांचवां स्थान हासिल किया. वहीं, पायल ने 72-एरो क्वालिफिकेशन राउंड में 654 स्कोर करके 14वां स्थान हासिल किया.

शीतल देवी ने इस टूर्नामेंट में सिर्फ व्यक्तिगत स्पर्धा में ही नहीं, बल्कि मिक्स्ड टीम इवेंट में भी शानदार प्रदर्शन किया है. उन्होंने अनुभवी भारतीय तीरंदाज राकेश कुमार के साथ मिलकर रविवार को कंपाउंड मिक्स्ड टीम क्वालिफिकेशन राउंड में नया विश्व रिकॉर्ड बनाया. यह उपलब्धि दोनों खिलाड़ियों की सफल साझेदारी में एक और बड़ी कामयाबी है. 

इससे पहले भी शीतल और राकेश ने साथ मिलकर कई यादगार प्रदर्शन किए हैं. उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में पेरिस 2024 पैरालंपिक खेलों का मिक्स्ड टीम ब्रॉन्ज मेडल भी शामिल है. इस जोड़ी ने कुल मिलाकर शानदार 1400 प्वाइंट्स हासिल किए और पेरिस 2024 में बनाए गए अपने पिछले वर्ल्ड रिकॉर्ड को एक प्वाइंट से बेहतर किया. शीतल ने लालपति के साथ मिलकर 1368 का स्कोर किया और कंपाउंड महिला डबल्स में शीर्ष वरीयता हासिल की.

पुरुषों के कंपाउंड व्यक्तिगत इवेंट में मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन टोमन कुमार ब्रॉन्ज मेडल के लिए इराक के अब्बास काधिम से मुकाबला करेंगे. काधिम ने शुरुआती राउंड में राकेश को हराया था. राकेश, स्वागुमिलंग से दो प्वाइंट पीछे रहे, जिन्होंने अपने करियर का बेस्ट 702 का स्कोर बनाया. वहीं, मौजूदा वर्ल्ड चैंपियन और उनके साथी खिलाड़ी टोमन कुमार 696 प्वाइंट के साथ चौथे स्थान पर रहे. राकेश और टोमन ने मिलकर 1398 का ​​स्कोर किया और कंपाउंड पुरुष डबल्स में शीर्ष वरीयता हासिल की.

(न्यूज एजेंसी आईएएनएस से इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें: ईशान किशन ने पलट दिया इतिहास का पन्ना, दिलीप ट्रॉफी फाइनल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज

यह भी पढ़ें:  सितसिपास को हराकर शेल्टन यूएस ओपन के अंतिम 8 में, अल्काराज से होगी अगली भिड़ंत

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Other Sports, Shooting
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com