भारत सरकार ने नेशनल स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स की फाइनल लिस्ट जारी कर दी है. इस सूची में भरतपुर के बेटे, पैरा शूटर रुद्रांश खंडेलवाल का नाम शामिल है. 19 साल के रुद्रांश को उनके असाधारण प्रदर्शन के लिए अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा. 8 साल की उम्र में एक हादसे में पैर गंवाने वाले रुद्रांश इस साल अर्जुन पाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं. नाम आते ही पूरे भरतपुर में जश्न का माहौल है.
आतिशबाजी में पैर गंवाया
रुद्रांश खंडेलवाल की कहानी संघर्ष से सफलता तक की मिसाल है. रुद्रांश के चाचा आशुतोष खंडेलवाल ने बताया कि 8 साल की उम्र में शादी समारोह के दौरान आतिशबाजी की चपेट में आने से रुद्रांश ने अपना एक पैर गंवा दिया था. इस हादसे से उबरने में उन्हें करीब 3 साल लगे. लेकिन हिम्मत नहीं हारी और निशानेबाजी को अपना लक्ष्य बना लिया. परिवार ने हर कदम पर उनका साथ दिया.

भरतपुर के रुद्रांश को अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा. (NDTV)
रुद्रांश को 25 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मेडल
रुद्रांश ने शूटिंग में वर्ल्ड रिकॉर्ड 4 बार तोड़ा है. साल 2023 में वे 50 मीटर शूटिंग इवेंट में दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी बने. पेरिस पैरालंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. उनके नाम 25 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मेडल हैं. जिनमें एशियन गेम्स 2023 के 2 सिल्वर, लीमा वर्ल्ड चैंपियनशिप के 2 सिल्वर और ओसिजेक, नई दिल्ली व चांगवोन वर्ल्ड कप में 2-2 गोल्ड शामिल हैं.
रुद्रांश के पास 3 साल का अनुभव
आमतौर पर अर्जुन अवॉर्ड के लिए 4 साल का अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शन जरूरी होता है, लेकिन रुद्रांश के पास सिर्फ 3 साल का अनुभव है. फिर भी उनके 6 गोल्ड और 4 सिल्वर समेत 10 टॉप मेडल को देखते हुए चयन समिति ने उन्हें चुना. सिफारिश गगन नारंग, अपर्णा पोपट और एम.एम. सोमाया ने की थी.
यह भी पढ़ें: राजस्थान में कुछ दिन बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावन, जानें अपने जिले के मौसम का हाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं