Top 10 Longest Throws in Men's Javelin History, Lausanne Diamond League : ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में रजत पदक जीतने के बाद, दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा शुक्रवार को लॉजेन डायमंड लीग में एक बार फिर से अपना दमदार प्रदर्शन दिखाने को तैयार हैं. लॉजेन डायमंड लीग बेहद रोमांचक होगी. इस इवेंट में कई ओलंपिक, वर्ल्ड और यूरोपियन चैंपियन खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। पुरुषों की जैवलिन स्पर्धा में दक्षिण एशिया के दो सबसे बड़े स्टार भारत के नीरज चोपड़ा और श्रीलंका के रुमेश थरंगा पाथिरगे, एक बार फिर आमने-सामने होंगे.
नीरज चोपड़ा स्विट्जरलैंड के स्टेड ओलंपिक डे ला पोंटेस में होने वाली लॉजेन डायमंड लीग 2026 में टॉप पर पहुंचने की कोशिश करेंगे. लॉजेन में चोपड़ा चौथी बार उतरेंगे. यह लीग चोपड़ा का 2026 एथलेटिक्स सीजन का तीसरा प्रतियोगी इवेंट है. श्रीलंका के पाथिरगे ने जून में रोम में 92.62 मीटर के साथ ब्रुसेल्स में होने वाले फाइनल में अपनी जगह बुक कर ली है. वहीं, पूर्व ओलंपिक और डायमंड लीग चैंपियन चोपड़ा स्टैंडिंग में पीछे हैं.. उन्हें लॉजेन में एक बड़े करिश्माई थ्रो की जरूरत है.
नीरज कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 जैसे ही एक मजबूत फील्ड में यूरोपियन स्टार्स के साथ मुकाबला करेंगे. पिछले चार ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप खिताब जीतने वाले पांच जेवलिन सुपरस्टार्स 21 अगस्त को एक दूसरे को कड़ी टक्कर देंगे. इवेट में नीरज चोपड़ा और पाथिरगे के अलावा त्रिनिदाद एंड टोबैगो के वालकॉट और ग्रेनाडा के पीटर्स हिस्सा ले रहे हैं। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने इवेंट से अपना नाम वापस ले लिया था.
पुरुषों के टॉप 10 जैवलिन थ्रो (अब तक के)
- 98.48 मीटर- जान ज़ेलेज़्नी -चेक रिपब्लिक 25 मई, 1996
- 97.76 मीटर- जोहान्स वेटर- जर्मनी 6 सितंबर, 2020
- 93.90 मीटर- थॉमस रोहलर- जर्मनी 5 मई, 2017
- 93.09 मीटर- अकी परवियानेन- फ़िनलैंड 26 जून, 1999
- 93.07 मीटर- एंडरसन पीटर्स- ग्रेनाडा 13 मई, 2022
- 92.97 मीटर- अरशद नदीम- पाकिस्तान 8 अगस्त, 2024
- 92.72 मीटर- जूलियस येगो- केन्या 26 अगस्त, 2015
- 92.62 मीटर- रुमेश तरंग पथिरागे- श्रीलंका 4 जून, 2026
- 92.61 मीटर- सर्गेई मकारोव- रूस 30 जून, 2002
- 92.60 मीटर- रेमंड हेच्ट- जर्मनी 21 जुलाई, 1995
बता दें कि नीरज चोपड़ा का अब तक का सबसे बेहतरीन थ्रो 90.23 मीटर है, जो उन्होंने 16 मई, 2025 को दोहा डायमंड लीग में हासिल किया था. यह ऐतिहासिक थ्रो पहली बार था जब उन्होंने 90 मीटर के अहम आंकड़े को पार किया और भारतीय राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने में कामयाबी हासिल की थी.
नीरज चोपड़ा के करियर का बेहतरीन थ्रो
- 90.23 मीटर – दोहा डायमंड लीग, 16 मई, 2025 (पर्सनल बेस्ट और नेशनल रिकॉर्ड)
- 89.94 मीटर – स्टॉकहोम डायमंड लीग, 30 जून, 2022
- 89.45 मीटर – पेरिस 2024 ओलंपिक (सिल्वर मेडल दिलाने वाला थ्रो)
- 87.58 मीटर – टोक्यो 2020 ओलंपिक (गोल्ड मेडल दिलाने वाला थ्रो)
ये भी पढ़ें- Neeraj Chopra ! भारत में कब, कहां और कैसे देखें Lausanne Diamond League 2026 का LIVE प्रसारण?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं