कानपुर के काकादेव इलाके में एक मामूली टोकाटाकी ने दर्दनाक रूप ले लिया. सड़क पर पेशाब करने से रोकने पर कुछ युवकों ने एक कारोबारी पर हमला कर दिया. गंभीर चोटों के कारण कारोबारी की दो दिन बाद अस्पताल में मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम है और इलाके में गुस्से का माहौल है.
दो दिन तक मौत से लड़ता रहा कारोबारी
जानकारी के मुताबिक नवीन नगर निवासी 47 वर्षीय अमित कुमार इलाके में "प्रेम ऐड" नाम से दुकान चलाते थे. शनिवार रात करीब 11 बजे वह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान ओम चौराहे के पास उन्होंने कुछ युवकों को नशे की हालत में देखा. इनमें से एक युवक सड़क पर ही पेशाब कर रहा था.
अमित कुमार ने उसे सार्वजनिक स्थान पर ऐसा करने से मना किया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इतना कहना ही उनके लिए भारी पड़ गया. युवकों ने पहले उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. जब अमित ने विरोध किया तो मामला मारपीट तक पहुंच गया.
ईंटों से किया ताबड़तोड़ हमला
आरोप है कि दबंग युवकों ने अमित कुमार को घेर लिया और ईंटों से उनके सिर पर कई वार किए. हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी धमकाया और मारपीट की. इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे. खून से लथपथ अमित कुमार को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर उन्हें अनुराग अस्पताल में भर्ती कराया गया.
इलाज के दौरान मौत, एनकाउंटर की मांग
अमित कुमार दो दिनों तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ते रहे, लेकिन सोमवार देर शाम उन्होंने दम तोड़ दिया. मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. मृतक के बेटे रुद्र प्रताप सिंह ने कहा कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद है और हमलावर साफ दिखाई दे रहे हैं. इसके बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं होना कई सवाल खड़े करता है. परिजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग भी की है.
हत्या की धाराएं बढ़ेंगी
पुलिस के कब्जे में घटना का सीसीटीवी फुटेज है, जिसमें चार युवक मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. काकादेव थाना प्रभारी धर्मेंद्र राम के अनुसार पहले दर्ज मुकदमे में अब हत्या की धाराएं जोड़ी जाएंगी. पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें- कौन थे मणिपुर के चोंगथम विक्रम सिंह? जिनकी दिल्ली में बदमाशों ने कर दी पीट-पीटकर हत्या
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं